Vistaar NEWS

चार्ल्‍स शोभराज के फैन बिंगसन को रायपुर पुलिस ने दबोचा, 5 स्टार होटलों में करता था चोरी, 300 से ज्यादा वारदातों को दिया अंजाम

Interstate conman Bingson John

अंतर्राज्यीय ठग बिंगसन जॉन

CG News: देश के 5 स्‍टार होटलों में ठगी और चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया है. 69 साल के इस आरोपी ने 10 से ज्यादा राज्यों के करीब 300 आलीशान होटलों में ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है.

पुलिस जांच में सामने आया कि बिंगसन जॉन ने अपने शुरुआती दिनों में एक होटल में वेटर के रूप में काम किया था. मेहनताना नहीं मिलने के बाद उसने अपराध की राह पकड़ ली. इसके बाद उसने फर्जी पहचान के सहारे महंगे होटलों में ठहरना शुरू किया और सुनियोजित तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम देने लगा.

होटल हयात से हुआ मामले का खुलासा

यह मामला रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है. होटल के सुरक्षा प्रभारी सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी. आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था और 27 जून की सुबह बिना औपचारिक चेक-आउट किए वहां से फरार हो गया. उसने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और विशेष अनुरोध पर उपलब्ध कराया गया लगभग 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया. होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके द्वारा दिए गए दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले.

72 घंटे में भुवनेश्वर से गिरफ्तारी

मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की. होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन भुवनेश्वर में मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घटना के 72 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया और चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया.

300 से ज्यादा होटलों को बना चुका शिकार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 1990 से देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को अपना निशाना बना चुका है. पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था. बताया जा रहा है कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था और उसी की तर्ज पर खुद को विदेशी ट्रैवल गाइड, अंग्रेजी शिक्षक या योग प्रशिक्षक बताकर होटलों में ठहरता था. कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करने के बाद वह बिना बिल चुकाए सामान लेकर फरार हो जाता था.

अन्य राज्यों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला बिंगसन जॉन पिछले कई वर्षों में देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है. रायपुर पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है. साथ ही अन्य राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों का ब्यौरा भी जुटाया जा रहा है.

ये भी पढे़ं- दुर्ग में ACB की बड़ी कार्रवाई, GPF से 5 लाख रुपए निकालने के बदले रिश्वत लेते PHE विभाग का बाबू रंगे हाथों पकड़ाया

Exit mobile version