दुर्ग में ACB की बड़ी कार्रवाई, GPF से 5 लाख रुपए निकालने के बदले रिश्वत लेते PHE विभाग का बाबू रंगे हाथों पकड़ाया
PHE विभाग का बाबू पकड़ाया
Durg: दुर्ग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने विद्युत यांत्रिकी सिंचाई विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर विभाग के ही एक कर्मचारी से जीपीएफ की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है.
रिश्वत लेते PHE विभाग का बाबू रंगे हाथों पकड़ाया
बता दें कि सिंचाई विभाग में पदस्थ कर्मचारी नंद कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते से करीब 5 लाख रुपये निकालने के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।पीड़ित नंद कुमार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो चुकी है और उन्हें तत्काल पैसों की आवश्यकता थी, लेकिन रिश्वत की मांग के कारण वे लंबे समय से परेशान थे. उन्होंने कहा कि उनके पास रिश्वत देने के लिए भी पैसे नहीं थे. परेशान होकर नंद कुमार ने एसीबी से शिकायत की. शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की. तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को कार्यालय में 10 हजार रुपये दिए, तभी पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया.
कार्रवाई के दौरान एसीबी के एक दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। फिलहाल टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। एसीबी की आधिकारिक पुष्टि के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
एसीबी डीएसपी सुरेश सोनी ने दी जानकारी
एसीबी डीएसपी सुरेश सोनी ने कहा कि एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायतकर्ता नंद कुमार के द्वारा शिकायत किया गया था कि भविष्य निधि की राशि 5 लाख रुपए निकलने को लेकर उसी के डिपार्टमेंट में पदस्थ सहायक ग्रेड 2 शिव ठाकुर ने 10 हजार रुपये का रिश्वत की मांग की थी, उपयुक्त शिकायत पर आज उनके ही कार्यालय में रंगे हाथों ने रिश्वत लेते आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, 22 जून को प्रार्थी के द्वारा शिकायत किया गया था.