इनपुटः योगेश राजपूत.
बेमेतरा. जिस गुरूजी को शिक्षा विभाग ने बतौर शिक्षक दूत सम्मान किया… अब वहीं गुरूजी शराब के नशे में हंगामा करने की वजह से थाने पहुंच गए है. यानी शिक्षक दूत गुरूजी तो शराबी निकले. पढ़े पूरी खबर विस्तार से…
शराब पीना साजा के एक शिक्षक को महंगा पड़ता नजर आ रहा है. साजा के वार्ड क्रमांक 11 स्थित अंग्रेजी माध्यम स्कूल के प्रधान पाठक टीडी वैष्णव पर शराब के नशे में हंगामा करने और पुलिस अधिकारी के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगे हैं. बताया जा रहा है कि शिक्षक ने शराब के नशे में पहले अपने परिवार को परेशान किया, जिसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.
आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ शिक्षक ने बदसलूकी की और पुलिस अधिकारी का कॉलर तक पकड़ लिया. घटना के बाद पुलिस शिक्षक को साजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया. बताया जा रहा है कि शिक्षक के खिलाफ इससे पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं. वहीं, पिछले दो दिनों से स्कूल में उनके अनुपस्थित रहने की जानकारी भी सामने आई है. खास बात यह है कि संबंधित शिक्षक को शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक दूत के रूप में सम्मानित किए जाने की बात भी सामने आई है.
अब इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं. जिम्मेदार पद पर पदस्थ शिक्षक के खिलाफ सामने आए आरोपों पर विभाग क्या कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी. हालांकि, घटना में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और विभागीय कार्रवाई का इंतजार है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के गुरूजी का गंदा काम, वाट्सअप में भेजते थे गंदे मैसेज… अब बर्खास्त की तैयारी
