Vistaar NEWS

CG News: सीतापुर में 28.41 करोड़ से बनेगी फोरलेन सड़क, CM साय ने किया शिलान्यास

CM Vishnu Deo Sai

सीएम विष्‍णु देव साय

CG News: सरगुजा जिले के सीतापुर शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर फोरलेन सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से 28.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का शिलान्यास किया. सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. परियोजना पूरी होने से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है.

वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत बनने वाली इस सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी डामरीकृत सड़क बनाई जाएगी. बीच में डिवाइडर के साथ पूरी सड़क की लंबाई में दोनों ओर नालियों का निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने का भी प्रावधान है.

यातायात व्यवस्था होगी बेहतर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं. बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान होता है और आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है. सीतापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर सड़क सहित अन्य बुनियादी अधोसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है.

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क बनने से सीतापुर के विकास को गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम, नशामुक्ति और लोगों की सुरक्षा सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लगातार काम किया जा रहा है. क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है.

सड़क के दोनों ओर बनेगी नाली, लगेंगी स्ट्रीट लाइट

राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किलोमीटर 433.850 से 437.670 तक सोनतराई से सूर के बीच 3.82 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. परियोजना में सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी डामरीकृत सड़क, बीच में डिवाइडर, दोनों ओर नाली और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शामिल है.
नाली निर्माण से जल निकासी बेहतर होगी, जबकि स्ट्रीट लाइट से रात में आवागमन में सुविधा मिलेगी. सड़क की क्षमता बढ़ने से यातायात को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी.

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम सीतापुर के सांस्कृतिक भवन में आयोजित किया गया. इसमें मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके अलावा लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर, उपाध्यक्ष विक्की नामदेव और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

ये भी पढे़ं- साय कैबिनेट में हुई कई बड़े फैसले, 15 नवंबर से धान खरीदी… 200 यूनिट बिल तक रहेगा आधा

Exit mobile version