ऋतिक शिवहरे(कोरिया)
Korea: बैकुंठपुर में 17 वर्षीय नाबालिग की आत्महत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. न्याय की मांग को लेकर आशीर्वाद समाज और कंवर समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने के लिए मार्च निकाला.
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरा समाज
इस दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया और बड़ी संख्या में लोग IC मार्ट के सामने धरने पर बैठ गए. आशीर्वाद समाज एवं कंवर समाज के लोगों ने महिलाओं और बच्चों के साथ रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर कूच किया. हालांकि, पुलिस ने एसपी कार्यालय जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया.
IC मार्ट के बाहर प्रदर्शन
इसके बाद प्रदर्शनकारी IC मार्ट के सामने सड़क पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मामले में कथित रूप से शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए, सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है. पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से लगातार चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है.
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने किया था सुसाइड
बता दें कि आईसी मार्ट संचालक पर नाबालिग छात्रा को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप है. परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी. इस मामले ने प्रदेशभर में गंभीर चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम और एसपी से जवाब तलब किया था.
ये भी पढ़ें- Raipur: आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा, कथित चोर को लात मारकर गिराया, यात्री गिरफ्तार
