Surajpur Murder Case: सूरजपुर के चर्चित दोहरे हत्याकांड में आरोपी प्रवेश की पत्नी के बयान से मामले में नया मोड़ आ गया है. शिक्षिका पत्नी सरिता लकड़ा ने अपने पति को फांसी की सजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि शिक्षिका सुनीता बरेट और उनके बेटे की हत्या के बाद वह आरोपी पति से सारे रिश्ते तोड़ चुकी हैं. अब उनका आरोपी से कोई संबंध नहीं है.
माथे से सिंदूर मिटाया, चूड़ियां भी उतारीं
आरोपी पर दोहरे हत्याकांड का आरोप लगने के बाद सरिता लकड़ा ने अपने माथे से सिंदूर मिटा दिया है. उन्होंने चूड़ियां समेत सुहाग से जुड़ा सारा सामान भी उतार दिया है. सरिता का कहना है कि जिस व्यक्ति पर दो लोगों की हत्या का आरोप है, उसके साथ अब उनका कोई रिश्ता नहीं रह गया है. उन्होंने अपने पति के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है.
स्कूल में सहेली से हंसकर बात करते देखा था
सरिता ने अपनी शिक्षिका सहेली सुनीता बरेट से जुड़े एक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने अपने पति प्रवेश को स्कूल में सुनीता से हंस-हंसकर बात करते देखा था. उस समय वह स्कूल के क्लासरूम में थीं और खिड़की से दोनों को देख रही थीं. सरिता के मुताबिक, उस वक्त उन्हें इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि आगे चलकर उनके पति पर उसी सहेली और उसके बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगेगा. उन्होंने कहा कि, प्रवेश कुमार को मृतिका ने नामर्द कहा था, यह भी उन्हें सुनने को मिला है.
टर्म इंश्योरेंस को लेकर किया बड़ा दावा
सरिता ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दावा किया कि कुछ दिन पहले ही उनके पति ने उनका एक करोड़ रुपये का टर्म इंश्योरेंस कराया था. उन्होंने आशंका जताई कि कहीं उनकी हत्या की भी योजना तो नहीं बनाई जा रही थी, ताकि बीमा की रकम हासिल की जा सके. हालांकि, बीमा पॉलिसी और कथित साजिश से जुड़े इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इस आशंका की जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
2017 में हुई थी पहचान
सरिता ने बताया कि वर्ष 2017 में उनका प्रवेश से परिचय हुआ था और वर्ष 2022 में दोनों ने शादी की थी. लेकिन अब वह आरोपी पति से सभी संबंध खत्म कर चुकी हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनसे अब उनका कोई रिश्ता नहीं है.
ये भी पढ़ें: CG News: अंबिकापुर में साहब की स्वामिभक्ति के चर्चे! रातभर बड़े अधिकारी की आवभगत में रहे जुटे
10 अक्टूबर को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को सूरजपुर में शिक्षिका सुनीता बरेट और उनके बेटे की हत्या की घटना सामने आई थी. इस दोहरे हत्याकांड में शिक्षिका के पति प्रवेश पर हत्या का आरोप है. मामले में आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा के बयानों ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि एक करोड़ रुपये के टर्म इंश्योरेंस को लेकर किए गए दावे और सरिता द्वारा जताई गई आशंका की जांच में क्या सामने आता है.
