अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लुंड्रा तहसील क्षेत्र में संचालित होने वाली 9 चूना पत्थर खदानों को पर्यावरणीय स्वीकृति देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने संयुक्त लोक सुनवाई आयोजित करने की सूचना जारी की है. जनसुनवाई आगामी 22 दिसंबर 2026 को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत चंगोरी के मैदान में होगी. दूसरे तरफ की इलाके में लगातार पहले से संचालित चूना पत्थर पड़ने की वजह से लोग प्रदूषण की समस्या से परेशान हैं.
लोगों के घरों में खदानों से निकलने वाला धूल सीधे अंदर जा रहा है, इसके वजह से लोगों को सांस की बीमारियां हो रही है इतना ही नहीं खेती की जमीन भी पूरी तरीके से दूषित हुई है इलाके के लोगों ने कई बार इन खदानों के खिलाफ प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई और दूसरी तरफ फिर से नए खदान शुरू करने के लिए तैयारी शुरू हो गई है लोगों का कहना है कि इलाके में हम नए खदान नहीं खोलने देंगे.
स्थानीय ग्रामीणों और प्रभावित लोगों से आपत्तियां
बता दें कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की 14 सितंबर 2006 की ईआईए अधिसूचना (यथासंशोधित) के तहत यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है. प्रस्तावित खदानों के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों और प्रभावित लोगों से आपत्तियां, सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए हैं.
पर्यावरण संरक्षण मंडल की सूचना के अनुसार, लुंड्रा तहसील के चंगोरी, अमड़ी, कर्रा, कुदर, चंद्रेश्वरपुर और पड़ौली क्षेत्र में कुल 9 चूना पत्थर खदानों के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति का प्रस्ताव है. इन खदानों का कुल प्रस्तावित लीज क्षेत्र लगभग 11.82 हेक्टेयर है. इन सभी खदानों का कुल प्रस्तावित लीज क्षेत्र 12.29 हेक्टेयर और वार्षिक उत्पादन क्षमता 2,25,140 टन है.
30 दिन के भीतर दर्ज करा सकेंगे आपत्ति और सुझाव
पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बताया है कि परियोजना से संबंधित ड्राफ्ट ईआईए रिपोर्ट, कार्यपालक सारांश की हिंदी एवं अंग्रेजी प्रतियां और सीडी आम लोगों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई गई हैं.
स्थानीय नागरिक अपनी आपत्तियां, सुझाव और विचार लिखित अथवा मौखिक रूप से दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए सूचना जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है.अंबिकापुर में यह कार्यालय कन्या परिसर रोड स्थित शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, नमनाकला गंगापुर में है.
जनसुनवाई पर रहेगी ग्रामीणों की नजर
एक ही तहसील क्षेत्र में 9 चूना पत्थर खदानों को पर्यावरणीय मंजूरी देने की प्रक्रिया के बीच अब 22 दिसंबर की जनसुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इसमें स्थानीय ग्रामीणों को खनन परियोजनाओं के संभावित पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा.
