Vistaar NEWS

अरिजीत के VIP टिकट लाखों में, दिलजीत का टिकट हजारों में! जानें किसका शो पड़ेगा भारी

arijit singh And diljit dosanjh

अरिजीत सिंह और दिलजीत दोसांझ

अरिजीत सिंह और दिलजीत दोसांझ दोनों ही देश के लोकप्रिय सिंगर्स हैं और उनके कॉन्सर्ट का फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है. दोनों कलाकार देश के कई शहरों में बड़े स्टेडियमों में परफॉर्म करने वाले हैं. लेकिन इनके कॉन्सर्ट की टिकट कीमतों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. अरिजीत के शो में सबसे महंगे VIP पैकेज की कीमत 11.8 लाख रुपये तक पहुच गई है, जबकि दिलजीत के सबसे महंगे टिकट की कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है. ऐसे में दोनों के कॉन्सर्ट की कीमतों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

अरिजीत सिंह के कॉन्सर्ट का VIP पैकेज कितना है?

अरिजीत सिंह ने म्यूजिक इंडस्ट्री में 20 साल पूरे होने के मौके पर जनवरी से मई 2027 तक नौ शहरों में टूर का ऐलान किया है. उनके कॉन्सर्ट में फैंस ‘तुम ही हो’, ‘अगर तुम साथ हो’ और ‘विदा करो’ जैसे लोकप्रिय गाने सुन सकेंगे. टिकट की शुरुआती कामत अहमदाबाद में 999 रुपये है, जबकि मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में 15 लोगों के लिए खास लाउंज पैकेज 11.8 लाख रुपये तक का है. टिकटिंग पार्टनर थंपएन के अनुसार, प्रीमियम टेबल की कीमत 7 लाख से 10 लाख रुपये के बीच है.

जनवरी से मई तक नौ शहरों में होंगे शो

अरिजीत का टूर 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से शुरू होगा. इसके बाद चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे और इंदौर में कॉन्सर्ट होंगी. आखिरी शो 15 मई को हैदराबाद में होगा. अरिजीत ने ‘चन्ना मेरेया’, ‘केसरिया’ और ‘अपना बना ले’ जैसे कई हिट गाने गाए हैं. हाल ही में उनका गाना ‘जय जय राम’ भी चर्चा में रहा, जो आने वाली फिल्म ‘रामायण’ का हिस्सा है.

ये भी पढ़ें-अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी, मेयर को आया ई-मेल

दिलजीत दोसांझ के टिकट 18 हजार रुपये तक

दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा वर्ल्ड टूर’ के भारतीय चरण में 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर से शुरुआत करेंगे. इसके बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ में शो होंगे. चंडीगढ़ में भी कॉन्सर्ट होगा, जिसकी तारीख अभी तय नहीं है. दिलजीत के सबसे महंगे टिकट की कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है. इससे पहले उनके 2024 के ‘दिल-लुमिनाटी टूर’ से करीब 943 करोड़ रुपये की कमाई होने की खबर आई थी.

Exit mobile version