Ayodhya Janakpur Train: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत दौरे पर हैं. पीएम नरेंद्र मोदी और शाह के बीच सोमवार को हैदराबाद हाउस में बैठक होगी. इसके साथ ही राम नगरी अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच शुरू होने वाली नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे. इसे सरयू-कमला एक्सप्रेस नाम दिया गया है. अयोध्या रेलवे स्टेशन पर विशेष तैयारियां की गई है.
604 किमी का सफर तय करेगी ट्रेन
नई ट्रेन अयोध्या कैंट से रवाना होगी और 604 किमी का सफर तय करके नेपाल के जनकपुर पहुंचेगी. दोनों धार्मिक शहरों की दूरी तय करने में ट्रेन को 19 घंटे का समय लगेगा. बताया जा रहा है कि इसकी पहली प्रस्तावित यात्रा 23 नवंबर को होगी और आम यात्रियों के लिए ट्रेन 28 नवंबर से संचालित की जाएगी.
किन रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी?
ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या, मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर, बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर होते हुए नेपाल पहुंचेगी. अयोध्या कैंट और जनकपुर इस ट्रेन के टर्मिनल स्टेशन होंगे. भारत की तरफ से जयनगर आखिरी रेलवे स्टेशन होगा.
अयोध्या-जनकपुर ट्रेन का शेड्यूल
अयोध्या कैंट से ट्रेन सोमवार शाम 5.50 बजे रवाना होगी. अगले दिन यानी मंगलवार को जनकपुर पहुंचेगी. गोरखपुर रात करीब 10:13 बजे पहुंचेगी और 10 मिनट रुककर 10:23 बजे रवाना होगी. पनियहवा रात 12:40 बजे, नरकटियागंज रात 1:50 बजे, सीतामढ़ी सुबह 4:45 बजे, जयनगर सुबह 8:45 बजे और जनकपुर धाम मंगलवार दोपहर 12:40 बजे पहुंचेगी.
ट्रेन में आधुनिक लिंक हॉफमैन कोच लगाए गए हैं. कुल 17 कोच होंगे. इनमें वातानुकूलित (AC) और स्लीपर कोच शामिल हैं. जनरल कोच उपलब्ध नहीं रहेंगे. इसके साथ ही आरएसी और वेटिंग टिकट के साथ यात्री यात्रा नहीं कर पाएंगे. कंफर्म टिकट के साथ ही यात्रा करने की अनुमति होगी.
टिकट बुकिंग कैसे होगी?
- इस ट्रेन में यात्रा के लिए नागरिक पहचान पत्र जरूरी होगा.
- भारत और नेपाल के बीच यात्रा के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं है.
- IRCTC की बेवसाइट या ऐप से टिकट बुक कर सकते हैं. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के काउंटर से टिकट ले सकते हैं.
जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली
नेपाल में स्थित जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली के तौर पर जाना जाता है. हर साल हजारों श्रद्धालु भारत से जाते हैं. वहीं, अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है. नेपाल से यहां भक्त आते हैं. दोनों देशों के श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत ना हो. इसके लिए नई ट्रेन सेवा शुरू की गई है.
