Vistaar NEWS

भरत तिवारी पर गोली चलाने वाला STF जवान गिरफ्तार,  45 दिन पहले हुआ था एनकाउंटर

Bharat Tiwari (File Photo)

भरत तिवारी(File Photo)

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के सबसे चर्चित  भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब तक का सबसे बड़ा एक्शन हुआ है. पूरे मामले की जांच कर रही बिहार पुलिस ने मामले में STF के जवान को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी की पुष्टि भोजपुर एसपी की तरफ से भी की गई है. भरत के परिजनों ने आरोप लगाया था कि भरत के हथियार डालने के बाद भी पुलिस ने गोली चलाई थी, जिससे भरत की मौत हुई थी. इसी मामले में सीएम सम्राट चौधरी ने जांच के आदेश द‍िए थे.

भरत के तिवारी के परिजनों ने हाल ही में सूबे के सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी. इस दौरान परिवार ने सीएम से न्‍याय की मांग की थी. सीएम ने भी भरोसा दिलाया था कि आपको न्याय दिलाया जाएगा. इसके बाद ही सीएम ने जांच तेज करने के आदेश दिए थे.  

भरत तिवारी एनकाउंटर बिहार समेत पूरे देश में चर्चा में रहा है. देशभर से कई लोग भरत के परिजनों से मुलाकात करने उनके घर पहुंचे थे. इसके अलावा चिराग पासवान, प्रशांत किशोर समेत कई नेताओं ने भरत तिवारी के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी.

कौन है गिरफ्तार किया गया जवान?

ब‍िहार पुलिस ने ज‍िसको गिरफ्तार किया है, उसका नाम अक्षय है, जो कि स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में काम कर रहा था. एनकाउंटर वाले दिन भी वह टीम के साथ ही था. आरोप है कि अक्षय ने ही भरत पर पहली गोली चलाई थी. अब आरोपी STF जवान की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होने की उम्मीद है.

बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा था भरत का एनकाउंटर

भरत तिवारी एनकाउंटर मामला बिहार की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया था. विपक्षी दलों के साथ-साथ सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं ने भी पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर के तरीके पर सवाल उठाए थे. इसके साथ ही पुलिस की इस तरह की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए थे. आरोप था कि पुलिस किसी को भी इस तरह मार सकती है. यही वजह है कि भारी दबाव के बाद सीएम ने जांच के आदेश द‍िए थे.

ये भी पढ़ें:‘मेरे पिता घर आए तो यूनिफॉर्म खून से लाल थी’, CJP प्रोटेस्ट में घायल पुलिसकर्मियों के परिजनों ने पूछा- कब मिलेगा इंसाफ?

Exit mobile version