Vistaar NEWS

‘बेटी को मिला जीवनदान…’, पीएम मोदी को गाली देने वाली लड़की की मां ने क्‍या-क्‍या कहा?

PM Modi

पीएम मोदी को अपशब्द बोलने वाली लड़की की मां ने दिया धन्यवाद

Delhi Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई प्रदर्शनकारियों ने वीडियो बनाकर अपशब्द कहा. रुचिका सिंह नाम की एक नाबालिग का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. जिसमें वह पीएम मोदी के बारे में अपशब्द बोल रही थी. अपशब्द बोलने पर लड़की के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो गया था. हालांकि, बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ऐसे मामलों का जवाब क्रोध या प्रतिशोध से नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने इस दौरान माफ करने की बात कही थी. अब लड़की की मां ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया है. पढ़ें मां ने क्या कहा?

पीएम मोदी के माफ करने के बाद लड़की ने खुद एक वीडियो बनाते हुए सबसे माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की. उसने कहा कि जो कुछ उसने कहा, वह माफी के योग्य नहीं है और उसे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है. उसने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी और वहीं से प्रदर्शन में शामिल हो गई. प्रदर्शन के दौरान उसके आसपास मौजूद लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे, तो वह भी उसी माहौल में बहकर अपशब्द बातें कर दी. उसने कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती है और वह पूरे देश से माफी मांगती है. अपनी गलती का पूरा अहसास हो चुका है.

क्या बोली लड़की की मां?

PM मोदी को गाली देने वाली लड़की की मां ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करती हैं, क्योंकि उन्होंने बदला लेने के बजाय माफी का रास्ता चुना. पीएम मोदी ने एक ऐसे बच्चे को माफ करके अपनी महानता दिखाई है, जिसने उनके खिलाफ बेहद गलत और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया था. उन्होंने कहा कि आज बच्ची का जन्मदिन है और उन्होंने जन्मदिन पर बेटी को सबसे बड़ा उपहार दिया है, जो जीवनदान के समान है. मां ने कहा कि उनकी बेटी के लिए यह एक तरह से नया जन्म है.

ये भी पढ़ेंः ‘मैं बहुत शर्मिंदा हूं…’, PM मोदी को गाल‍ियां देने वाली लड़की का वीड‍ियो आया सामने, क्‍या-क्‍या कहा?

लड़की की मां ने आगे कहा कि वह पीएम मोदी के इस उपकार को कभी नहीं भूल सकतीं और इसके लिए हमेशा प्रधानमंत्री की आभारी रहेंगी. इस दौरान उन्होंने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर भी चिंता जताई और कहा कि बच्चों के लिए इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म बंद कर दिए जाने चाहिए. इसके अलावा मांग की है कि प्रदर्शन में 18 साल से कम उम्र के बच्चों पर बैन हो ताकि कोई उनका गलत फायदा न उठा सके.

Exit mobile version