Delimitation Bill: केंद्र सरकार के नए परिसीमन विधेयक में जम्मू-कश्मीर के साथ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर भी एक अहम प्रावधान किया गया है. इस प्रस्ताव के जरिए भारत ने साफ संकेत दिया है कि जम्मू-कश्मीर का जो हिस्सा अभी पाकिस्तान के नियंत्रण में है, उसे भी भारत अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है. विधेयक में कहा गया है कि अगर भविष्य में इस इलाके से पाकिस्तान का कब्जा खत्म होता है तो वहां विधानसभा सीटों का नए सिरे से परिसीमन किया जाएगा.
यह विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में पेश किया जाना प्रस्तावित है. इसके मुताबिक, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के क्षेत्रों में विधानसभा सीटों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी भारतीय चुनाव आयोग को दी जाएगी. आयोग इस काम के लिए परिसीमन आयोग की भूमिका निभाएगा. यानी उस क्षेत्र पर भारत का नियंत्रण होने की स्थिति में वहां चुनावी क्षेत्रों का निर्धारण करने की कानूनी व्यवस्था पहले से तैयार रखी गई है.
PoK के लिए 24 सीटें पहले से आरक्षित
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र के लिए पहले से ही 24 सीटें आरक्षित हैं. हालांकि, जब तक यह इलाका पाकिस्तान के नियंत्रण में है, तब तक इन सीटों पर चुनाव नहीं होता और इन्हें खाली रखा जाता है. नए विधेयक में इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में परिसीमन का रास्ता तय करने की कोशिश की गई है.
इस प्रावधान का राजनीतिक और रणनीतिक महत्व भी है. भारत लंबे समय से PoK को अपना अभिन्न हिस्सा बताता रहा है. ऐसे में नए विधेयक में इस क्षेत्र को लेकर व्यवस्था शामिल करना पाकिस्तान को दिया गया एक अहम संदेश माना जा रहा है.
क्यों हो रहा है परिसीमन?
परिसीमन का मतलब विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय करना है. इसका मकसद आबादी के हिसाब से मतदाताओं को उचित प्रतिनिधित्व देना होता है. जम्मू-कश्मीर में 2022 में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 83 से बढ़कर 90 हो गई थी. इनमें जम्मू क्षेत्र की 43 और कश्मीर घाटी की 47 सीटें हैं.
महिला आरक्षण से भी जुड़ा है मामला
सरकार के नए प्रस्ताव का संबंध महिला आरक्षण से भी है. इसके साथ 132वें संविधान संशोधन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी गई है. सरकार का उद्देश्य परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू करना है.
