परिसीमन बिल पर स्टालिन को मनाने में लगा इंडिया गठबंधन, MK ने खुद बताया क्यों किया समर्थन
एम के स्टालिन
Delimitation Bill: लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी के प्रस्ताव शुक्रवार को कैबिनेट ने मंजूर कर दिया. लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं. 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी. यानी 272 सीटें बढ़ेंगी. आने वाले सत्र में सरकार की तरफ से संविधान संशोधन विधेयक लाया जा रहा है. जिस पर कई विपक्षी दलों ने भी समर्थन किया है. यही वजह है कि अब इंडिया गठबंधन दरार बढ़ती नजर आ रही है. शरद पवार की एनसीपी, आरजेडी और डीएमके ने भी इस बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है. यही वजह है कि इन रुठों को मनाने की जिम्मेदारी अब खुद राहुल गांधी ने संभाली है.
खरीद-फरोख्त और टूट फूट से बचाने के लिए सभी विपक्षी सांसदों को रविवार को दिल्ली पहुंचने का आदेश मिला है. वहीं इंडिया गठबंधन डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से सार्वजनिक अपील करने की तैयारी कर रहा है. अप्रैल में जिस विधेयक के खिलाफ विपक्ष एकजुट था, अब उसी पर उसके प्रमुख सहयोगी अलग-अलग रास्ते अपनाते नजर आ रहे हैं.
डीएमके किस वजह से हुई समर्थन के लिए तैयार
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ किया है कि तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी स्थिति में कम नहीं होनी चाहिए. साथ ही 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय है, उसे अगले 25 साल तक बनाए रखने की मांग की है. ऐसा कहा जा रहा है कि सरकार ने स्टालिन की सभी बातों को मान लिया है. जिसकी वजह से वह भी बिल का समर्थन करने के लिए तैयार हो चुके हैं.
स्टालिन को मनाने में लगा इंडिया गठबंधन
स्टालिन के समर्थन से इंडिया गठबंधन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. यही वजह है कि स्टालिन से बात करने की कोशिश में कई नेता लगे हुए हैं. ताकि किसी भी तरह स्टालिन को मनाया जा सके. राहुल गांधी का जोर इस बात पर भी रहा कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाई जाए. उन्होंने डीएमके के साथ आने की बात कही. अब देखना होगा कि राहुल की अपील कितनी काम आती है.
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत में परिसीमन के संभावित खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पहली पार्टी डीएमके थी. उन्होंने बताया कि चेन्नई में ही पहली बार देशभर के राजनीतिक नेताओं ने एक साथ आकर निष्पक्ष परिसीमन की मांग उठाई थी.



