Vistaar NEWS

‘भले ही वे ‘धुरंधर’ न हों, लेकिन उन्होंने धूम जरूर मचाई,’ PM मोदी बोले- SRCC के पूर्व छात्रों ने हर क्षेत्र में छोड़ी छाप

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के समारोह में शामिल हुए हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि SRCC के पूर्व छात्र ‘भले ही ‘धुरंधर’ न हों, लेकिन उन्होंने धूम जरूर मचाई है. हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है.

दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से इस कार्यक्रम, और खासकर 2013 में मेरे दिए भाषण की काफी चर्चा हो रही है. लोगों ने इसे याद किया है, दोबारा सुना है और फिर से पढ़ा है. हो सकता है कि नई पीढ़ी के लोगों ने भी इसे देखा हो. एक तरह से, मैं कह सकता हूं कि उस भाषण ने एक लहर पैदा कर दी थी. एक लहर सी आ गई थी, और आज भी, 13-14 साल बाद, उस सभा और उस भाषण का असर बना हुआ है.”

पीएम मोदी ने कहा, “SRCC के पूर्व छात्र भी बहुत खास रहे हैं. आपकी भाषा में कहूं तो यहां के पूर्व छात्र ‘OGs’ (ओरिजिनल दिग्गज) हैं. उन्होंने दुनिया भर में SRCC का नाम रोशन किया है और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है. हमारे अरुण जेटली जी ने यहीं पढ़ाई की थी और मैं कह सकता हूं कि शायद ही उनके साथ कोई ऐसी मुलाकात हुई हो जिसमें उन्होंने SRCC के दिनों का कोई किस्सा न सुनाया हो. कभी-कभी तो मैं थक भी जाता था क्योंकि वे मुझे वही किस्सा बार-बार सुनाते थे.”

SRCC से निकले हर क्षेत्र के लोग

उन्होंने आगे कहा, ‘आज भी, मेरी टीम का हिस्सा संजीव सान्याल, SRCC के ही पूर्व छात्र हैं. हमारे कई और साथी भी हैं जिन्होंने यहीं पढ़ाई की है और ऐसा नहीं है कि SRCC ने सिर्फ अर्थशास्त्र की दुनिया के ही लोग दिए हैं. कलाकारों से लेकर राजनेताओं, वकीलों और जजों तक, हर क्षेत्र के लोग यहीं से निकले हैं.’

भारत दुनिया में तेजी से अर्थव्यवस्था में आगे बढ़ने वाला देश

पीएम मोदी ने कहा, “आज दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनते हुए देख रही है. पिछले हफ्ते ही भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर कई सकारात्मक घटनाक्रम हुए हैं. 7.8 प्रतिशत की तिमाही विकास दर ने देश का आत्मविश्वास बढ़ाया है. यह 7.8 प्रतिशत की विकास दर ऐसे समय में आई है जब पश्चिम एशिया में युद्ध चल रहा है और व्यापार से जुड़ी कई चुनौतियां भी हैं.”

ये भी पढ़ेंः ‘अगर मैं आपके यहां विद्यार्थी होता?’ Teachers Day पर पीएम मोदी ने शिक्षकों से मांगा सुझाव

दूसरे शब्दों में कहें तो, “भारत न केवल विकास कर रहा है बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है. इसके बावजूद, जिन लोगों के लिए 2013 में गिलास आधा खाली था, वे आज भी वैसा ही सोचते हैं. उनके लिए गिलास हमेशा आधा खाली ही रहेगा. मैं गिलास की बात कर रहा हूं. मैं किसी चीज के खाली रहने की बात नहीं कर रहा हूं.”

Exit mobile version