Former CJI BR Gavai: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व सीजेआई बीआर गवई ने जजों की नियुक्ति को लेकर कॉलेजियम सिस्टम पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चिट्ठी लिखी है. जिसमें आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति के दौरान एक खास समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है. इसके चलते अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यकों और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है. यही वजह है कि एक बार फिर कॉलेजियम सिस्टम सवालों के घेरे में आ गया है.
27 नवंबर को लिखे गए इस तीन पन्नों के पत्र में गवई ने कहा कि जजों की नियुक्ति और तबादलों में योग्यता, समानता और सामाजिक विविधता को ध्यान में रखा जाना चाहिए. उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में ध्यान देने और जरूरी कदम उठाने की अपील की है. इस पत्र की कॉपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई है.
एक समुदाय को मिल रहा ज्यादा प्रतिनिधित्व
गवई ने अपने पत्र में दावा किया कि देश की आबादी में 5 फीसदी से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय को सुप्रीम कोर्ट में 40 फीसदी से ज्यादा प्रतिनिधित्व मिला है. उन्होंने किसी समुदाय का नाम नहीं लिया, लेकिन इस स्थिति पर चिंता जताई. उनका कहना है कि नियुक्तियों में एक खास वर्ग को फायदा पहुंचाने की कोशिश दिखाई दे रही है. जबकि दूसरे समुदायों के योग्य उम्मीदवार पीछे छूट रहे हैं.
उन्होंने मार्च 2025 में संसद में पेश किए गए आंकड़ों का भी जिक्र किया. इन आंकड़ों के मुताबिक, 2018 से हाईकोर्ट में नियुक्त किए गए 715 जजों में सिर्फ 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे.
गवई के मुताबिक, जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच न्यायिक नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी रही, जबकि OBC वर्ग को 14 फीसदी से भी कम प्रतिनिधित्व मिला.
जजों के तबादलों पर भी उठाए सवाल
पूर्व CJI ने केवल नियुक्तियों ही नहीं, बल्कि हाईकोर्ट के जजों के तबादलों पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि कुछ मेहनती और योग्य जजों को छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया. जबकि दूसरे जजों को बड़े और महत्वपूर्ण हाईकोर्ट में जिम्मेदारी दी गई. इससे नियुक्तियों में योग्यता के बजाय दूसरे कारणों को महत्व दिए जाने की आशंका पैदा होती है.
