Gyanesh Kumar Resignation Demand: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कथित एकतरफा फैसलों को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़ समेत कई शहरों में प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. इसी बीच सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है. जिसमें ज्ञानेश कुमार के विवाद वाले सभी फैसलों को निरस्त करने की मांग की गई है.
कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. देश के कई जगहों पर कांग्रेस नेता प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला था. इस दौरान राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 को पूरी तरह से फर्जी बताते हुए कई चुनावों में धांधली का आरोप लगाया था.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
देशभर में हो रहे प्रदर्शन के बीच शैलेंद्र मणि त्रिपाठी नाम के एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर कर दी. जिसमें ज्ञानेश कुमार समेत दूसरे अधिकारियों पर उपयुक्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
ये भी पढ़ेंः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाना इतना आसान नहीं, जानिए क्या है पूरा संवैधानिक खेल
याचिका में क्या?
वकील शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने याचिका के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में अनुरोध किया कि आधिकारिक कर्तव्यों का जानबूझकर उल्लंघन करने के दोषी पाए गए सभी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करें. इसके साथ ही स्वतंत्र न्यायिक जांच के लिए जांच आयोग या स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाने की मांग की है. जांच में सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज और साइबर सिक्योरिटी और IT एक्सपर्ट्स करें. याचिका में ‘फॉर्म 6’ में गैर-कानूनी बदलाव, वोटर लिस्ट के डेटा का केंद्रीकरण और अन्य दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्तियों के बावजूद लिए गए फैसले का जिक्र है.
