Dumper Falls While Crossing Bridge: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें दिखाई दे रहा है कि नेशनल हाईवे-5 (NH-5) पर उरनी डाक के पास स्थित 190 फीट लंबा बेली ब्रिज मंगलवार को अचानक टूट गया. इस दौरान रेत से भरा 10 टायर वाला डंपर पुल से गुजर रहा था, जो पुल के साथ ही नीचे गिर गया. हादसे में डंपर चालक को भी चोट आई है.
जानकारी के अनुसार, पुलिया पार कर रहा ट्रक बजरी लेकर टापरी की ओर जा रहा था. इसी दौरान जैसे ही बैली ब्रिज पर पहुंचा, पुल अचानक धड़ाम से नीचे गिर गया. पुल के साथ ही डंपर भी सतलज नदी में जा समा गया. गनीमत रही कि ट्रक चलाने वाला चालक पूरी तरह से सुरक्षित है.
लोहे की पुल से ट्रक गुज़र रही है, थोड़ी देर बाद पुल टूटता है और ट्रक भी नीचे नदी में गिर जाता, हादसे का लाइव वीडियो है, ऐसे पुलों से इतने भारी वाहनों को नहीं जाना चाहिए, वीडियो हिमाचल के किन्नौर का है pic.twitter.com/uVvl6PQJUu
— Gyanendra Tiwari (Vistaar News) (@gyanendrat1) June 24, 2026
पुल टूटने के बाद यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया. दोनों ओर से वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं. हालांकि, प्रशासन ने कुछ ही घंटों के अंदर वैकल्पिक मार्ग को खोज निकाला और यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया. स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में पुल की मरम्मत कराई गई थी. इसके बाद भी पुल गिर गया. फिलहाल, पुल गिरने की असली वजह क्या रही. अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
ये भी पढ़ेंः कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम ढहने से मलबे में दबे कई लोग
28 टन की थी पुल की क्षमता
इस हादसे को लेकर नेशनल हाईवे अथॉर्टी मंडल रामपुर के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के.एल. सुमन ने बताया कि पुल की नियमित निगरानी और रखरखाव किया जा रहा था. 5 जून को भी मरम्मत की गई थी. ब्रिज की क्षमता केवल 28 टन थी. हो सकता है कि ट्रक इससे ज्यादा भार लेकर जा रहा हो. इसलिए यह हादसा हुआ. फिलहाल, हादसे की जांच की जा रही है.
