MLA Bhairaram Siyol: राजस्थान के जोधपुर जिले की ओसियां सीट से विधायक भैराराम सियोल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है. उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश देने के लिए अपने पिता का एक किस्सा सुनाया. विधायक ने कहा, “मेरे पिताजी ने मुझे गुस्से में तीन जूते मारे, तो मैं MLA बन गया. अगर 5 मारते तो शायद MP बन जाता.” उनका यह बयान सुनकर हर कोई हैरान रह गया. जानें पिता को लेकर विधायक ने क्या कहा?
दरअसल, भाजपा विधायक भैराराम सियोल जोधपुर जिले के ही शिकारगढ़ इलाके में एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए थे. जहां उन्होंने पिता के प्रेम और अनुशासन को लेकर काफी देर तक बातचीत की और लोगों को संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी समझे कि माता-पिता की सख्ती और डांट-फटकार में भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की चिंता छिपी होती है. उन्होंने यह बयान इसलिए दिया, क्योंकि अकसर देखा जाता है कि युवा पीढ़ी पिता की कही गई बातों को लेकर नाराज हो जाती है. भले ही बात उनकी भलाई को लेकर की गई हो.
युवाओं को दिया संदेश
विधायक ने कार्यक्रम में युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि युवा साथी माता-पिता के मार्गदर्शन को अपनाएं और उनका सम्मान करें. अनुशासन और संस्कार ही हमारी सफलता की असली कुंजी है. पिता की कही गई हर बात हमें जीवन में काम आती है और सफलता दिलाती है. पिता की सख्ती अक्सर बच्चों के भविष्य के निर्माण का आधार होती है. विधायक की बातों को सुनकर जहां कुछ लोग ठहाके लगाते नजर आए, तो वहीं कुछ लोग इसे गंभीरता से सुनते रहे.
ये भी पढ़ेंः पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दिया बड़ा कांड! अवैध संबंध का विरोध करने पर काटा पति का प्राइवेट पार्ट
शादी के बाद बदल जाते हैं बच्चे
उन्होंने आगे कहा कि माता-पिता अक्सर बच्चों का पाल-पोसकर बड़ा करते हैं और उनकी अच्छी शादी करने का सपना देखते हैं. लेकिन आजकल देखने को मिल रहा है कि ज्यादातर बच्चे शादी के बाद माता-पिता के खिलाफ ही फैसला ले लेते हैं. इस दौरान विधायक ने हंसते हुए कहा कि अगर पिता जूते भी मारें, तो वह मलेरिया की गोली का काम करेगी. फिलहाल, माता-पिता पर दिया गया बयान खूब वायरल हो रहा है.
