एक महिला, दो पार्टियां और तीन नामांकन, राजस्थान में ऐसा चुनावी खेल, कांग्रेस देखती रह गई और BJP के खाते में गई सीट

rajasthan panchayat elections: राजस्‍थान पंचायत चुनाव में एक मह‍िला ने कांग्रेस-बीजेपी और न‍िर्दलीय फॉर्म भरा था. खास बात यह है इस दौरान पार्ट‍ियों के कई सीन‍ियर नेता मौजूद रहे.
rajasthan news

एक ही मह‍िला ने तीन बार भरा नामांकन

Rajasthan Panchayat Elections: देश की राजनीति में इन द‍िनों जो भी होता है, वो किसी फिल्म की स्‍क्रिप्‍ट से कम नहीं लगता है. यही वजह है कि राजनीति में कब कौन किसके साथ खड़ा हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. लेकिन, राजस्थान के डीग जिले में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में जो हुआ, उसने सियासी गलियारों में सबको हैरान कर दिया. यहां एक ही महिला ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर तीन नामांकन दाखिल कर दिए. इतना ही नहीं, नामांकन के दौरान उनके साथ दोनों पार्टियों के बड़े नेता भी नजर आए.  आखिर में बाजी बीजेपी के हाथ लगी और बती गुर्जर निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं.

पूरा मामला डीग जिले की बृजनगर पंचायत समिति का है. यहां वार्ड नंबर 14 से बती गुर्जर निर्दलीय सदस्य चुनी गई थी. जब प्रधान चुनने की बारी आई तो उनका नाम कांग्रेस और बीजेपी, दोनों की तरफ से सामने आ गया. उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन दाखिल कर दिया. यानी एक ही चेहरे ने चुनावी मैदान में तीन रास्ते खोल दिए.

सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही तस्वीरें

इस घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो भी चर्चा में आ गए. पहले बती कांग्रेस के पूर्व विधायक वाजिब अली के साथ साड़ी और घूंघट में नामांकन भरने पहुंचीं. इसके बाद मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के साथ बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल किया. तीसरा नामांकन उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भरा. अलग-अलग नामांकन के साथ उनका पहनावा भी चर्चा का हिस्सा बन गया.

आखिर में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई तो उन्होंने कांग्रेस और निर्दलीय वाला नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद बीजेपी के चुनाव चिह्न कमल पर उन्हें निर्विरोध प्रधान घोषित कर दिया गया. इस तरह तीन नामांकन से शुरू हुई कहानी का अंत बीजेपी की जीत के साथ हुआ.

कांग्रेस के लिए हो गई असहज स्थिति

मामले ने कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी. पूर्व विधायक वाजिब अली ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बीजेपी पर सत्ता और पैसे के इस्तेमाल का आरोप लगाया. वहीं बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपनी जीत बताया.

दिलचस्प बात यह है कि 29 सदस्यों वाली पंचायत समिति में कांग्रेस के पास 16 सदस्य थे, जबकि बीजेपी के पास सिर्फ 4 और 9 सदस्य निर्दलीय थे. ऐसे में कांग्रेस की मजबूत संख्या के बावजूद प्रधान की कुर्सी बीजेपी के खाते में चली गई.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें