Vistaar NEWS

‘उनके गीत लोगों की जिंदगी में हमेशा गूंजते रहेंगे…’, आशा भोसले के निधन पर पीएम मोदी ने शेयर की पुरानी यादें

Asha Bhosle death

आशा भोसले के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

Asha Bhosle: प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का आज गुरुवार की दोपहर निधन हो गया है. उन्होंने 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली. आशा भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई दिग्गजों ने श्रद्धांजलि दी है. पीएम मोदी ने उनके योगदान को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें शेयर कर दुख जताया है. पीएम मोदी ने आशा भोसले के साथ बिताए हुए पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बिताए पलों को मैं हमेशा संजो कर रखूंगा.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं. दशकों तक फैले उनके असाधारण संगीतमय सफर ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ. चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक शाश्वत चमक थी. उनके साथ बिताए पलों को मैं हमेशा संजो कर रखूंगा. उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. वे पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे.”

अमित शाह ने जताया दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले को याद करते हुए दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज हर भारतीय और विशेषकर मेरे जैसे हर संगीत प्रेमी के लिए दुःखद दिन है, जब हम सबकी प्रिय आशा भोसले जी हमारे बीच नहीं रहीं. आशा ताई ने न सिर्फ अपनी मधुर आवाज और अद्वितीय प्रतिभा से एक अलग पहचान बनाई, बल्कि अपने सुरों से भारतीय संगीत को भी और अधिक समृद्ध किया. हर तरह के संगीत में ढल जाने की उनकी अनोखी प्रतिभा हर व्यक्ति का दिल जीत लेती थी.”

आगे लिखा, “अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को छूने वालीं आशा जी ने हिंदी, मराठी, बांग्ला, तमिल, गुजराती सहित अनेक भाषाओं के साथ-साथ लोकगीतों में भी अमिट छाप छोड़ी. आशा ताई की आवाज में जितनी कोमलता थी, उनके व्यवहार में भी उतनी ही सादगी और आत्मीयता थी. उनसे जब भी मुलाकात होती थी, संगीत और कला जैसे अनेक विषयों पर लंबी बातें होती थीं. आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, पर अपनी आवाज से वे सदैव हमारे दिलों में रहेंगी. ईश्वर आशा जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. उनके परिजनों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.

Exit mobile version