India Election System: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत की वोटर आईडी वाली व्यवस्था से काफी खुश हुए हैं. यही वजह है कि उन्होंने भारत और यहां के मुख्य चुनाव आयुक्त की जमकर तारीफ की है. उन्होंने भारत का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका में भी वोटर आईडी के नियमों को सख्त करने की जरूरत है. यही वजह है कि वह आने वाले दिनों में एक बिल लाने की तैयारी कर रहे हैं.
ट्रंप के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में ज्ञानेश कुमार ने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि बिना वैध फोटो पहचान-पत्र के अमेरिका में चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं? इसी सवाल का जिक्र करते हुए ट्रंप ने भारत की चुनावी व्यवस्था को अमेरिकी व्यवस्था के सामने एक उदाहरण के तौर पर पेश किया.
ट्रंप ने कहा कि भारत के पिछले आम चुनाव में करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया. जबकि डाक से वोट डालने वालों की संख्या एक फीसदी से भी कम रही है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत में मतदाताओं के लिए वैध फोटो पहचान-पत्र की व्यवस्था है.
अमेरिका बदलेगा अपना नियम
इसी आधार पर ट्रंप ने अमेरिका में भी हर मतदाता के लिए फोटो ID अनिवार्य करने की जरूरत बताई. इसके साथ ही कांग्रेस से SAVE America Act पारित करने की अपील की है. यानी ज्ञानेश कुमार की कही बात को ट्रंप ने अमेरिका में चुनावी सुधारों के पक्ष में अपने तर्क का आधार बनाया है. यानी ज्ञानेश कुमार के एक सवाल के बाद अमेरिका में वोटर आईडी का तरीका बदल सकता है.
कौन हैं ज्ञानेश कुमार?
ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं. 19 फरवरी 2025 को भारत के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे. इससे पहले वे चुनाव आयुक्त और केंद्र सरकार में सहकारिता सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं. उन्होंने IIT कानपुर से पढ़ाई की और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पर्यावरणीय अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है.
ये भी पढ़ें: बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, विनोद तावड़े को यूपी तो पूनिया को पंजाब की जिम्मेदारी
