sakshi jha latent: इंडियाज गॉट लेटेंट-2 में की गई एक विवादित टिप्पणी का असर अब सरकारी सेवा तक पहुंच गया है. बिहार सरकार ने शो की कंटेस्टेंट और राज्य सरकार की अधिकारी साक्षी झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने पति को लेकर ऐसी टिप्पणी की थी, जिसे लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई.
साक्षी झा बिहार सरकार के एक विभाग में काम करती हैं. शो के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने वैवाहिक जीवन को लेकर टिप्पणी की थी. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे महिलाओं और पारिवारिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
बिहार सरकार ने लिया एक्शन
मामले ने तूल पकड़ने के बाद बिहार सरकार ने पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लिया. जांच के शुरुआती चरण के बाद सरकार ने साक्षी झा को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि एक सरकारी कर्मचारी से सार्वजनिक मंच पर मर्यादित और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. इसलिए मामले की विभागीय जांच पूरी होने तक उन्हें सस्पेंड रखा जाएगा.
सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय
सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. एक वर्ग का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती और सरकारी अधिकारी होने के नाते उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. वहीं, कुछ लोग इसे कॉमेडी शो का हिस्सा बताते हुए निलंबन को अत्यधिक कठोर कदम मान रहे हैं.
ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक को हाईकोर्ट से झटका! प्राइवेट अस्पताल भेजने की मांग ठुकराई, सरकार से 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
