Vistaar NEWS

जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी आफत! बादल फटते ही मलबे में दबीं गाड़ियां, तस्‍वीरें देख डर जाएंगे आप

Doda Kishtwar Highway Blocked

Doda Kishtwar Highway Blocked: जम्मू-कश्मीर के डोडा-किश्तवाड़ इलाके में मूसलाधार बारिश की वजह से सोमवार को भारी नुकसान हुआ. अचानक आई बाढ़ की वजह से राजमार्ग पर भारी मात्रा में कीचड़, पत्थर और मलबा जमा हो गया. जिसकी वजह से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और कई गाड़ियां मलबे में फंसकर दब गईं. फिलहाल, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. प्रशासन मलबे में फंसी गाड़ियों को निकालने का प्रयास कर रहा है. प्रशासन के अनुसार, जल्द ही सड़कों को साफ कर यातायात को सुचारू रूप से चालू कर लिया जाएगा.

अधिकारियों के बताए अनुसार, इस हादसे में कई वाहनों को भारी नुकसान हुआ है. अभी तक कई गाड़ियां मलबे में फंसी हुई हैं. वाहनों को भारी नुकसान हुआ है. हालांकि, फंसे हुए वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने इन इलाकों में पहले ही भारी बारिश, गरज-चमक, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई थी.

बगलिहार बांध के खोले गए तीन द्वार

डोडा-किश्तवार क्षेत्र में भारी बारिश के बाद चेनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से बगलिहार बांध के तीन द्वार खोल दिए गए हैं. प्रशासन मौसम की स्थिति और नदी के प्रवाह पर लगातार नजर रख रहा है और सभी संबंधित विभाग किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं.

ये भी पढ़ेंः भारी बारिश के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, खंडाला एग्जिट के पास लैंडस्लाइड से भारी तबाही

कहां-कितनी हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार की सुबह 8:30 बजे तक जम्मू क्षेत्र में सबसे अधिक सांबा में 90 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके बाद कठुआ में 66.2 मिमी, कटरा में 44.4 मिमी, डोडा में 42 मिमी, जम्मू में 41.8 मिमी, उधमपुर में 40.6 मिमी, भद्रवाह में 33.6 मिमी, किश्तवाड़ में 24 मिमी, रियासी में 10.5 मिमी, बटोट में 4.7 मिमी, रामबन में 4.5 मिमी और बनिहाल में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है. कुछ इलाकों में अभी भी बारिश जारी है.

Exit mobile version