Delhi Police: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए भारत में लश्कर-ए-तैयबा के नए मॉड्यूल को खड़ा करने की तैयारी करने वाले आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन का मेट्रो पोस्टर मामले में पकड़े गए आरोपियों से सीधा संपर्क था. फिलहाल, पुलिस पूछताछ कर अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है.
कैसे पकड़ा गया आतंकी?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल काफी समय आतंकी शब्बीर अहमद की तलाश करने में जुटी थी. हाल में गुप्त सूचना मिली की आतंकी दिल्ली में ही छिपने की फिराक में है. स्पेशल सेल पूरी तरह से एक्टिव हो गई और जाल बिछाकर दिल्ली बॉर्डर पर ही गिरफ्तार कर लिया. आतंकी शब्बीर अहमद की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके और साथी तो दिल्ली में नहीं छिपे हैं.
दिल्ली और कोलकाता में लगाए थे पोस्टर
बता दें, पिछले कुछ समय पहले इस मॉड्यूल ने दिल्ली और कोलकाता में कई जगहों पर भारत विरोधी पोस्टर लगाए थे. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उस समय से ही इन आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा रही थी, लेकिन शब्बीर अहमद छिपकर भागता रहा. अंतत: आज पकड़ा गया. शब्बीर अहमद का नाम पहले भी कई बार आतंकी गतिविधियों में आ चुका है.
ये भी पढ़ेंः वरमाला के लिए छकाया, फिर घुटनों पर बैठकर लूटी महफिल, केके बिश्नोई और IPS अंशिका वर्मा की शादी का वीडियो वायरल
इससे पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
शब्बीर अहमद की गिरफ्तारी इसे पहले भी हो चुकी है. साल 2007 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शब्बीर अहमद को एके-47 और ग्रेनेड जैसे भारी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. उस दौरान शब्बीर के तार हफीज सईद के साथ जुड़े पाए गए थे. इस मामले वह करीब 11 सालों तक तिहाड़ जेल में रहा. 2018 में जेल से छूटने के बाद एक बार फिर आतंकी घटनाओं में एक्टिव हो गया है. कुछ समय से वह पड़ोसी देश बांग्लादेश में रहकर मॉड्यूल चलाने लगा था.
