Vistaar NEWS

सुप्रिया सुले बनेंगी मंत्री? शरद पवार का NDA में शामिल होने से इनकार, आठवले ने क्या कहा?

sharad pawar

कुछ महीने पहले हुई थी शरद पवार से पीएम मोदी की मुलाकात

Supriya Sule: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में जल्द ही कैबिनेट विस्तार हो सकता है. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बुधवार को इसको लेकर संकेत द‍िए हैं. उन्होंने कहा कि विस्तार में नए चेहरों को जगह मिल सकती है. हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इसकी तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई. इस बीच महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

रामदास आठवले के मुताबिक, पहले शीतकालीन सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन देश में चल रहे आंदोलनों के कारण इसमें देरी हो सकती है. उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों के चयन में अलग-अलग जातियों और वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर भी ध्यान दिया जा सकता है.

शरद पवार ने NDA में जाने से किया इनकार

आठवले ने साफ कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार फिलहाल NDA में शामिल होने के इच्छुक नहीं हैं. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच अच्छे व्यक्तिगत संबंध हैं. हाल ही में पवार की तबीयत खराब होने पर प्रधानमंत्री ने फोन कर उनका हालचाल भी जाना था.

आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह फोन किसी राजनीतिक मकसद से नहीं, बल्कि पवार के प्रति सम्मान और चिंता जाहिर करने के लिए किया था. उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार NDA के साथ आ चुके हैं, लेकिन शरद पवार ने गठबंधन में शामिल होने से दूरी बनाए रखी है. अगर वह साथ आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा.

सुप्रिया सुले के नाम की क्यों हो रही चर्चा?

दरअसल, शरद पवार के करीबी विट्ठल सेठ मनियार ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर बातचीत के दौरान सुप्रिया सुले का जिक्र किया. उनके मुताबिक, मोदी ने पवार से आराम करने और सुप्रिया सुले के साथ मिलकर देश की जिम्मेदारी संभालने की बात कही थी.

इसके बाद सुले के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गईं. रामदास आठवले ने भी कहा कि अगर सुप्रिया सुले NDA के साथ आती हैं तो उन्हें खुशी होगी. उन्होंने उनके मंत्री बनने की संभावना से भी इनकार नहीं किया. हालांकि, सुप्रिया सुले या शरद पवार की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक सहमति सामने नहीं आया है.

ये भी पढ़ें: मिडटर्म चुनाव हारते ही एक्शन में ट्रंप, 9 भारतीय कंपनियों पर लगाया बैन, ईरान के तेल से है कनेक्शन

Exit mobile version