खंडवा में भाजपा के भीतर घमासान, अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से विवाद, तीन BJP नेताओं के पर केस दर्ज
भाजपा नेताओं पर केस दर्ज
खंडवा जिले के पुनासा में अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने भाजपा के अंदर ही सियासी टकराव खड़ा कर दिया है. नगर परिषद की कार्रवाई का विरोध करना तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया. तीनों के खिलाफ FIR दर्ज होते ही पार्टी के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आ गई है. भाजपा के मूल कार्यकर्ता अब अपनी ही पार्टी के विधायक नारायण पटेल और नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलते नजर आ रहे हैं. कार्यकर्ताओं ने सीधे आरोप लगाया है कि कांग्रेस से भाजपा में आए नेता पुराने कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं. सवाल यह है कि क्या भाजपा में अब मूल कार्यकर्ताओं की आवाज उठाना भी भारी पड़ने लगा है?
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, गुरुवार को पुनासा नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी. इसी दौरान भाजपा पार्षद अशोक देवड़ा और अध्यक्ष और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध किया. विवाद बढ़ा तो शुक्रवार को नगर परिषद के उपयंत्री हरीश परमार ने पुनासा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भाजपा पार्षद अशोक देवड़ा, पूर्व नगर अध्यक्ष संजय अजमेरा और पूर्व सोसायटी अध्यक्ष टीकम सिंह तोमर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली.
FIR दर्ज होते ही पुनासा की राजनीति में हलचल मच गई. शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जाहिर की. कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मांधाता विधायक नारायण पटेल और नगर परिषद अध्यक्ष के रवैये से पुराने भाजपा कार्यकर्ता परेशान हैं. उनका कहना है कि कांग्रेस से भाजपा में आए लोगों द्वारा मूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है.
टीकम सिंह तोमर के तीखे तेवर
मीडिया के सामने भाजपा कार्यकर्ता टीकम सिंह तोमर ने तीखे तेवर दिखाए. उन्होंने विधायक नारायण पटेल पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज कराई गई है. उन्होंने साफ कहा कि इस मामले को भोपाल से लेकर दिल्ली तक उठाया जाएगा.
तोमर ने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि चाहे उनके खिलाफ 50 FIR दर्ज कर दी जाएं, लेकिन वे झुकने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि हम महाराणा प्रताप सिंह के वंशज हैं, घास की रोटी खा लेंगे, लेकिन नगर परिषद की जांच करवाकर रहेंगे. पार्षद अशोक देवड़ा और उनके द्वारा की गई शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद
वहीं, भाजपा पार्षद अशोक देवड़ा ने भी कार्रवाई और FIR को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर नगर परिषद की अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद भाजपा के अंदरूनी संघर्ष में कैसे बदल गया? क्या पार्टी संगठन इस नाराजगी को दूर करेगा या पुनासा में भाजपा के भीतर यह टकराव और बढ़ेगा?
स्थानीय नेतृत्व की लड़ाई
फिलहाल पुनासा में अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध से शुरू हुआ विवाद अब भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं बनाम पार्टी के स्थानीय नेतृत्व की लड़ाई के तौर पर सामने आ रहा है. तीन कार्यकर्ताओं पर FIR के बाद विधायक नारायण पटेल के खिलाफ उठी आवाज ने मांधाता की सियासत में नई बहस छेड़ दी है. सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने पुनासा में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुई FIR को लेकर कहा कि हमारी वहां के विधायक नारायण पटेल से बात हुई है सभी को बैठकर बात करके मामले को निपटाने को कहां है .



