Vistaar NEWS

पटना में STF का एनकाउंटर में तीन बदमाश ढेर, मनेर SHO को लगी गोली, पुलिस से हाथापाई

bihar stf

ब‍िहार STF ने किया एनकाउंटर

Patna Encounter: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में गंगा नदी के किनारे हुई इस मुठभेड़ में तीन बदमाश मारे गए. जबकि मनेर थाने के SHO रजनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस और अपराधियों के बीच करीब 40 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई.

मारे गए आरोपियों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं. वहां पुलिस के साथ हाथापाई हुई. परिजन शवों को देखना चाहते हैं. माहौल तनावपूर्ण हो गया है.

एनकाउंटर में मारे गए ये अपराधी

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से 18 राउंड और अपराधियों की तरफ से करीब 24 से 25 राउंड गोलियां चलाई गईं. मारे गए बदमाशों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीनों का पहले से लंबा क्राइम र‍िकॉर्ड रहा है.

पुल‍िस की मानें तो इन बदमाशों ने ही मनेर में अष्टमी के दिन हत्‍याकांउ को अंजाम द‍िया था. इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत कई थानों में इनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे.

मुठभेड़ के बाद क्‍या-क्‍या मिला?

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की तलाशी में पुलिस ने दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अपराधी मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच जारी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

अस्‍पताल के आसपास पथराव

अस्‍पताल में अब तक शवों का पोस्‍टमार्टम शुरू नहीं हो सका है. मृतकों के परिजनों और पुल‍िस के बीच हाथापाई हुई. इसके बाद पर‍िजनों ने पत्‍थरबाजी कर दी. मौके पर चार थानों की 100 से ज्यादा पुलिस मौजूद है. आक्रोशितों ने सड़क जाम कर दिया है. हॉस्पिटल के पास खड़ी कार का शीशा तोड़ दिया गया है. पुलिस के समझाने के बाद भी हंगामा बढ़ता जा रहा है. परिजन बॉडी दिखाने की मांग कर रहे हैं.

Exit mobile version