Vistaar NEWS

फ्री कोचिंग, AI स्किलिंग और ग्लोबल डिग्री… लाल किले से PM मोदी ने Gen-Z को दिए ये बड़े गिफ्ट!

PM Modi

पीएम मोदी

आज देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. आजादी के इस महोत्सव पर लाल किले से पीएम मोदी ने देश को संबोधित किया है. इस बार प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन पूरी तरह से देश की युवा पीढ़ी Gen-Z, छात्रों और शोधकर्ताओं पर पूरी तरह से केंद्रित रहा. पीएम मोदी ने लाल किले के प्राचीर से ये साफ स्पष्ट किया कि देश को ‘विकसित भारत @2047’ बनाने की चाबी देश के युवाओं और छात्रों के हाथों में हैं. इस लेख में आगे जानिए कि लाल लाल किले के प्राचीर से पीएम मोदी ने युवाओं को क्या गिफ्ट दिए.

डिजिटल लर्निंग का बड़ा तोहफा

ऐसे परिवार जिनके बच्चे प्रतिभावान हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे है लेकिन आर्थिक मजबूती न होने की कारण उन्हें सपनों को पूरा कर पाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इनके लिए सरकार फ्री कोचिंग देने का एक बड़ा नेटवर्क तैयार करने जा रही है. पीएम मोदी ने कहा ‘हमारा लक्ष्य गरीब से गरीब तक अच्छी शिक्षा पहुंचाना है. युवाओं के लिए विभिन्न परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग और डिजिटल तैयारी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.’

ग्लोबल इनोवेशन हब बनाने के लिए फंड

भारत को केवल तकनीक का उपभोक्ता बनाने के बजाय ‘ग्लोबल इनोवेशन हब’ बनाने के लिए पीएम मोदी ने रिसर्च और R&D (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) को लेकर बड़ा विजन पेश किया. PM मोदी ने कहा,’हमने युवाओं को रिसर्च के नए अवसर दिए हैं. इनोवेशन के लिए एक लाख करोड़ रुपये का फंड बनाया गया है. हमारे प्राइवेट स्टार्टअप्स में 28 साल की औसत उम्र के युवाओं ने अपने ट्रायल सैटेलाइट लॉन्च करके कमाल दिखाया है. देश में आज 2.5 लाख से ज्यादा स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं.’

अपने ही देश में मिलेगी ग्लोबल डिग्री

ऐसे छात्र जो विदेश जाकर पढ़ना चाहते हैं उनके लिए भी अच्छी खबर है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब जानी-मानी विदेशी यूनिवर्सिटीज भी भारत आ रही हैं. इसका असर ये होगा की अब भारतीय छात्रों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लोबल एक्सपोजर पाने के लिए विदेश जाकर लाखों-करोड़ों खर्च नहीं करने होंगे और वो भारत में रहकर ही ग्लोबल डिग्री हासिल कर सकेंगे.

नई शिक्षा नीति से फायदा

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 साल में देश के अंदर 650 नई यूनिवर्सिटीज खुली हैं. देश में मेडिकल की सीटें बढ़कर करीब 850 हो चुकी है. जबकि 2014 में ये आंकड़ा सिर्फ 400 के आसपास सिमटा हुआ था. इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि करीब 35 साल के अंतराल के बाद लागू की गई नई शिक्षा नीति ने रटने की परंपरा को खत्म कर व्यावहारिक ज्ञान पर ध्यान दिया है.

डिजिटल इकोनॉमी से जुड़ने का मौका

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में उपलब्ध सबसे सस्ता इंटरनेट डेटा आज Gen-Z को घर बैठे नई स्किल्स सीखने, स्टार्टअप्स शुरू करने और डिजिटल इकोनॉमी से जुड़ने का मौका दे रहा है.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली AIIMS में भर्ती जेपी नड्डा, बेचैनी की शिकायत के बाद लाया गया अस्पताल

Exit mobile version