PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने लाल किले की प्राचीर से अगले 5 साल का लक्ष्य बताया. इतना ही नहीं, इस दौरान उन्होंने अपने 12 साल के कामकाज का हिसाब भी दिया. पीएम मोदी ने कहा कि हमारे संकल्प भी ऊंचे होने चाहिए. क्योंकि जब सपने ऊंचे होते हैं, संकल्प होते हैं तो हमारे सामर्थ्य और प्रयासों की ऊंचाई भी बढ़ती है. हम 2047 तक विकसित भारत बनाकर रहेंगे. पढ़ें पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए अपने 12 सालों के कामकाज का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “पिछले 12 वर्षों में डिफेंस प्रोडक्शन करीब 4 गुना बढ़ा, खादी एवं ग्रामोद्योग का उत्पादन करीब 5 गुना हुआ, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग करीब 7 गुना बढ़ा, आधुनिक रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना बढ़ा, मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा, इतना ही नहीं आधुनिक युग को लेकर भी डिजिटल और इनोवेशन की दुनिया में भी हमने अपना परचम लहराया.”
12 सालों का क्या किया?
पीएम मोदी ने बताया, “इंटरनेट यूजर्स, इंटरनेट कंज्यूमर्स करीब-करीब 50 गुना बढ़े, पेटेंट ग्रांट होने की संख्या 4 गुना बढ़ी, डिजिटल ट्रांजेक्शन 100 गुना बढ़े, सामान्य मानवी की सुविधा की ओर भी हमने उतनी ही गंभीरता से काम किया. हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से हमने नल से जल कनेक्शन दिए, हर साल औसतन 6 गुनी ज्यादा रफ्तार से लोगों को गैस कनेक्शन दिए, हर साल 4 गुनी रफ्तार से गरीबों के लिए शौचाल्य बनाने का काम किया, हर साल 3 गुना ज्यादा तेजी से गरीबों को घर देने का काम किया, देश ने गवर्नेंस में भी बहुत बदलाव लाया.”
ये भी पढ़ेंः PM मोदी ने बंधेज पगड़ी पहनकर दिया खास संदेश, स्वतंत्रता दिवस पर हर साल बदला लुक
अगले 5 सालों का लक्ष्य
पीएम मोदी ने लाल किले से अगले 5 सालों का लक्ष्य बताया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “मैंने जो भूमिका आपके सामने रखी है, उसके पीछे 2047 का लक्ष्य, मजबूत नींव पर खड़ा है. हमारी दिशा तय हो चुकी है. इसके लिए हमें हमारे वर्क कल्चर को बदलना होगा, हमारे वर्क कल्चर को बदलते हुए हमें हमारी सोच को भी बदलना होगा. जो काम पिछले 5-7 दशक में नहीं हुए हैं, वो काम हमें आगामी 5-7 साल में करने हैं.”
पीएम मोदी ने आगे कहा, डिजिटल दुनिया और तकनीक में भारत ने आत्मनिर्भर होने की दिशा में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाया है. जिसमें अभी 3-4 प्लांट ही शुरू हो पाए हैं. आने वाले 7-8 सालों में और प्लांट शुरू होने वाले हैं. भारत बहुत जल्द एनर्जी सिक्योरिटी पर तेजी से काम कर रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि सोच की सीमाएं होती हैं, जब सोच बंद हो जाती है, सीमाओं में सड़ने लग जाती है. तब हम अपने सामर्थ्य को भी पहचान नहीं पाते हैं.
