फ्रांस में गूंजा भारत का दम, PM मोदी बोले- दुनिया को समाधान देने वाला देश बन चुका है इंडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Narendra Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के नीस शहर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की. दोनों ने ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का साथ में उद्घाटन किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और फ्रांस के रिश्तों को सिर्फ रणनीतिक साझेदारी नहीं, बल्कि साझा सोच और साझा भविष्य पर आधारित संबंध बताया है.
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में कनेक्शन भी है और कन्विक्शन भी, इनोवेशन भी है और इंस्पिरेशन भी. यही वजह है कि भारत और फ्रांस लगातार नए क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष भारत और फ्रांस ने भारत-फ्रांस इनोवेशन ऑफ ईयर की शुरुआत की है और अब भारत इनोवेट्स जैसे मंच के जरिए दोनों देश नवाचार के क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाई देने जा रहे हैं. उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी इस पहल के महत्व को और बढ़ाती है.
कार्यक्रम में पीएम मोदी क्या बोले?
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है. देश में सूचना क्रांति के आधार पर स्टार्टअप क्रांति आकार ले रही है. युवा नई सोच के साथ मानवता की समस्याओं का समाधान खोजने में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि भारत के युवा विश्वस्तरीय समाधान विकसित कर रहे हैं और भारत इनोवेट्स ऐसा मंच है जो इन नवाचारों को वैश्विक पहचान दिलाने का काम करेगा.
उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक मजबूत पुल का काम कर रही है. इसके माध्यम से भारतीय युवाओं को यूरोप की विशेषज्ञता और वैश्विक नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिल रहा है. उनके अनुसार, यह सहयोग भविष्य की तकनीकों और नए उद्यमों को बढ़ावा देगा.
भारत केवल तकनीक खरीदने वाला देश नहीं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद युवा उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके भीतर आत्मविश्वास, ऊर्जा और नए भारत की झलक दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि आज भारत केवल तकनीकी समाधान खरीदने वाला देश नहीं रहा, बल्कि दुनिया को समाधान देने वाला देश बनकर उभर रहा है. भारत अब टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर की भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ग्रामीण भारत की जिंदगी बदलने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि कई स्टार्टअप सैटेलाइट तकनीक के जरिए किसानों की मदद कर रहे हैं. यह दर्शाता है कि भारतीय नवाचार सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और मानवता के हित में भी काम कर रहे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी और बड़े पैमाने पर नवाचार करने की क्षमता रखता है. भारत का नवाचार टिकाऊ भविष्य के लिए है और पूरी दुनिया के हित में है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता ऐसी तकनीक विकसित करना है जो मानवता की सेवा करे और लोगों के जीवन को बेहतर बनाए.
AI को लेकर क्या बोले पीएम
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की डिजिटल क्रांति और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर इसी सोच पर आधारित हैं. उन्होंने कहा कि भारत का एआई विजन “AI for All” के सिद्धांत पर टिका है, जिसका उद्देश्य हर व्यक्ति के कल्याण और खुशहाली को सुनिश्चित करना है. भारत तकनीक को केवल विकास का साधन नहीं, बल्कि मानव कल्याण का माध्यम मानकर आगे बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें:G7 मंच पर गूंजेगा मिडिल ईस्ट युद्ध का मुद्दा, ट्रंप-ईरान टकराव के बीच PM मोदी का शांति मंत्र