Vistaar NEWS

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, किसे मिला मौका?

Arvind Kejriwal and Bhagwant Mann,Delhi Liquor Scam

सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल

Punjab Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. दूसरी लिस्ट में 31 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. इससे पहले जो लिस्ट जारी की गई थी उसमें 40 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था. इसमें नए चेहरों के साथ पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को भी जगह मिली है.

आम आदमी पार्टी की इस लिस्ट में खास बात यह है कि 7 मौजूदा विधायकों के साथ ही एक मौजूदा मंत्री का टिकट काट दिया गया है. इसके साथ ही पार्टी ने 2 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है. कुल मिलाकर इस चुनाव में सांसद भी अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे.

आम आदमी पार्टी ने सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और सांसद राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा व‍िधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है.

किन 7 विधायक और मंत्री का कटा पत्ता

आम आदमी पार्टी ने अपनी ही सरकार में मंत्री गुरमीत खुडि्डयां का टिकट काट दिया है. हालांकि अभी कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होना बाकी है. ऐसे में अभी ये कयास लगाया जा रहा है कि उन्‍हें कहीं और से मौका दिया जा सकता है. इसके अलावा विधायकों की बात की जाए तो अनमोल गगन मान, अमित रतन कोटफत्ता, कुंवर विजय प्रताप, लालजीत भुल्लर, रमन अरोड़ा, कुलवंत बाजीगर और चरणजीत सिंह को पार्टी ने दोबारा चुनाव लड़ने का मौका नहीं द‍िया है.

अब तक 71 सीटों पर उम्‍मीदवार उतार चुकी है AAP

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर सबसे पहले अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. इससे पहले 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई थी, जिसमें खुद सीएम भगवंत मान का नाम भी शामिल था. पंजाब की बात की जाए तो वहां कुल मिलाकर 117 व‍िधानसभा सीटें हैं. जिनमें से 71 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार उतार द‍िए हैं. आने वाले द‍िनों में बाकी बची हुई सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जा सकता है.

सबकी निगाहें इस बात पर भी टिकी हुई हैं कि दूसरी लिस्ट सामने आने के बाद पार्टी में बगावत होती या नहीं. क्योंकि पहली लिस्ट जारी होने के बाद तीन विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था. जिसके बाद वह सभी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे.

ये भी पढ़ें:2027 के लिए BJP ने शुरू की सियासी घेराबंदी, पंजाब में कैसे बदलेगा चुनावी समीकरण

Exit mobile version