Sanjay Raut: सुप्रीम कोर्ट ने शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत के खिलाफ अवमानना के मामले में सुनवाई की है. इस दौरान संजय राउत को फटकार लगाते हुए कोर्ट ने कहा कि आप वरिष्ठ नेता हैं, ऐसा बयान नहीं दे सकते हैं. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप राय ने कहा कि संजय राउत पहले भी कोर्ट और न्यायपालिका के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं. संजय राउत के खिलाफ मुंबई हाई कोर्ट में भी अवमानना के कई मामले लंबित हैं. इस दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें फिर से हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही कहा कि जब भी अगली बार सुनवाई हो खुद उपस्थित रहें.
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान संजय राउत के साथ ही पत्रकार निखिल वागले को भी फटकार लगाई. कोर्ट ने निखिल वागले को लेकर कहा कि कोर्ट में पत्रकारों का बहुत सम्मान होता है. प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और आपसे जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद की जाती है. इस दौरान निखिल की वकील इंदिरा जय सिंह ने कहा कि निखिल का करियर पत्रकारिता में करीब 5 दशकों का है और वे जाने-माने पत्रकार हैं. उन्होंने ट्विटर पर जरूर एक पोस्ट किया था लेकिन नोटिस मिलते ही उसे हटा दिया था और माफी नामा भी भेजा है.
ट्वीट को दोहराना खुद को बुरा लगता है: SC
वकील ने आगे बताया कि निखिल किसी भी दल से नहीं जुड़े हैं और न ही उनका कोई निजी स्वार्थ है. सुनवाई के दौरान वकील की बातों को सुनते हुए जस्टिस कुमार ने कहा कि ट्वीट में जो कहा गया था उसे दोहराना भी हमें बहुत बुरा लगता है.
क्या बोले संजय राउत के वकील
वहीं, संजय राउत के वकील कीर्ति उप्पल ने कोर्ट को बताया कि संजय राउत कैंसर के पेशेंट हैं और उनकी कीमोथेरेपी चल रही है. यह सुनते ही जस्टिस कुमार ने संजय राउत से पूछा कि क्या वे पहले भी कोर्ट आए हैं? इस दौरान संजय राउत ने कहा कि अवमानना के मामले तो नहीं.
8 दिसंबर को होगी सुनवाई
फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट ने सांसद और पत्रकार के वकील की दलीलों को सुना और अवमानना के मामले की सुनवाई 8 दिसंबर तक के लिए टाल दी. कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई के दौरान संजय राउत और निखिल दोनों मौजूद रहें. बता दें, संजय राउत पर कई अवमानना के केस चल रहे हैं. जिसमें कई मामलों में सुनवाई हो चुकी है और कई मामलों में सुनवाई होना बाकी है. अब देखना यह होगा कि सुनवाई के दौरान कोर्ट क्या आदेश देती है?
