UP चुनाव से पहले सियासी पारा हाई, योगी के सपोर्ट में उतरी उद्धव की शिवसेना, क्‍या हैं मायने

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में चुनाव की तैयार‍ियां जोरो पर हैं. इन सब के बीच श‍िवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने सीएम योगी की खुलकर तारीफ की है. उन्‍होंने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया है.
sanjay raut and yogi

संजय राउत और सीएम योगी

UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में एक तरफ जहां चुनावी तैयारियां तेज हो चली हैं. तमाम राजनीतिक दलों के बीच सीधे तौर पर तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है. इन सब के बीच शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत का बयान सामने आया है. जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. चुनावी माहौल के बीच राउत के बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं.

INDIA अलायंस की सहयोगी शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने कहा कि  हम भी योगी जी को बहुत प्यार करते हैं. योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं, और अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं. दरअसल उनका यह जवाब सीएम फेस को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में था.

संजय राउत ने क्या कहा?

संजय राउत से जब यूपी में बीजेपी के सीएम फेस को लेकर सवाल किया गया तो उन्‍होंने कहा कि अगर योगी जी ने खुद को (CM चेहरे के तौर पर) घोषित किया है, तो यह तारीफ के काबिल है. वह एक सक्षम व्यक्ति हैं, और हम भी योगी जी को पसंद करते हैं.

आगे कहा कि योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं, और अगर योगी नहीं, तो UP भी नहीं. अगर योगी जी ने ऐसा कहा है, तो उन्हें पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी को बहुमत मिलेगा और चुनकर आने वाले ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे.

चुनावी माहौल के बीच संजय राउत के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं. क्योंकि पिछले द‍िनों महाराष्ट्र के सीएम और उद्धव ठाकरे की भी मुलाकात हुई थी. जिसके बाद संजय राउत ने कहा था कि आने वाले समय में कुछ भी हो सकता है. इसके बारे में आज कुछ नहीं कहा जा सकता है. यही वजह है कि इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं.

इन बयानों के बाद मचा सीएम फेस को लेकर घमासान

दरअसल इन द‍िनों इस तरह की अटकलबाजी चल रही है कि बीजेपी इस बार योगी आदित्यनाथ को सीएम फेस नहीं बनाएगी. पिछले दिनों जब केशव प्रसाद मौर्य से इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्‍होंने कहा था कि सीएम फेस बीजेपी का सिंबल है. मतलब यह कि कोई भी सीएम बन सकता है. बता दें कि खुद केशव प्रसाद मौर्य भी सीएम पद की दावेदारी लंबे समय से करते आ रहे हैं. जब सीएम योगी से इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्‍होंने भी कहा था कि बीजेपी का सिंबल ही सबकुछ है. वही तय करेगा कि कौन सीएम बनेगा और कौन विधायक बनेगा. 

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें