Mystry Behind Amman Temple: देश के मंदिरों से चंदा चोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. अयोध्या-बद्रीनाथ के बाद अब तमिलनाडु में भी चंदा चोरी का मामला सामने आया है. तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित प्रसिद्ध अरुल्मिगु कोनियम्मन मंदिर में दान पेटी (हुंडी) की रकम में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है.
मंदिर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आठ कर्मचारियों और अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. आरोप है कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे की राशि को संभालने में लापरवाही बरती गई और कुछ लोगों ने पैसे का गलत इस्तेमाल किया.
कब का है पूरा मामला?
पूरा मामला 15 जुलाई को मंदिर में होने वाली नियमित दान राशि की गिनती के दौरान सामने आया है. गिनती में कुछ अनियमितताएं मिलने के बाद हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) ने जांच शुरू की. जांच में कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद कार्रवाई की गई.
जिन आठ लोगों पर कार्रवाई हुई है, उनमें चार कर्मचारियों पर सीधे तौर पर चोरी का आरोप लगाया गया है, जबकि चार अन्य अधिकारियों को निगरानी में गंभीर लापरवाही बरतने के लिए जिम्मेदार माना गया है.
पूरे मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने एक हुंडी को मुख्य गिनती स्थल से अलग कर दिया था. इसके बाद कथित तौर पर उसे मंदिर के पीछे ले जाकर उसमें से करीब 31 हजार रुपये निकाल लिए गए और आपस में बांट लिए गए. मामले में टिकट कलेक्टर ए. बालासुब्रमण्यम, कार्यालय सहायक वी. सरवनन, सफाई कर्मचारी पी. प्रदीप कुमार और मंदिर पुजारी एस. कृष्णराज को गिरफ्तार किया गया है.
देश के मंदिरों में इस तरह की चोरी के कई मामले सामने आए हैं. लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद मंदिरों में दान राशि की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
ये भी पढ़ें:UP Police के बर्खास्त सिपाही सुनील को मिलेगी 1 लाख रुपए की नौकरी! स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने दिया ऑफर
