Vistaar NEWS

20 लाख कैश, लैपटॉप-सोना और पार्टी फंड गायब, तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी, PA पर FIR

Tej Pratap home theft

तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी

Cash Gold iPhone Missing: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में चोरी हो गई है. चोरी की शिकायत उन्होंने पटना के सचिवालय थाने में दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने ही PA पर चोरी का आरोप लगाया है. तेज प्रताप ने आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपए नकदी समेत कई कीमती सामान चोरी हो गए हैं.

तेज प्रताप के मुताबिक, जब 22 जून को उन्होंने अपने कमरे की आलमारी की जांच की, तो पाया कि कई कीमती सामान गायब हैं. जिसमें 20 लाख रुपए नकद, दो तोले की सोने की चेन, सोने की अंगूठी, दो हार्ड डिस्क, चार नए ड्रोन, एक आईपैड, एक मैकबुक, चार आईफोन 17 प्रो मैक्स और एक लेनेवो का लैपटॉप शामिल है. इसके अलावा 20 लाख रुपए पार्टी फंड के लिए रखे थे. वे भी चोरी हो गए.

PA के खिलाफ दर्ज कराई FIR

तेज प्रताप ने चोरी की शिकायत अपने ही PA के खिलाफ दर्ज कराई है. जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. तेज प्रताप ने शिकायत में यह भी बताया कि घटना की रात करीब साढ़े 11 बजे रात दो लोगों ने मोती लाल राय को एक बैग के साथ आवास परिसर की बाउंड्री फांदकर निकलते हुए देखा था. मोती लाल राय तेज प्रताप यादव के निजी सहायक हैं.

ये भी पढ़ेंः ‘मेरी हत्या की साजिश रची जा रही है…’, आकाश यादव के खिलाफ थाने पहुंचे तेज प्रताप, कराया मामला दर्ज

आरोपी की गिरफ्तारी की उठी मांग

फिलहाल, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. तेज प्रताप ने आरोपी की गिरफ्तारी और अपने सामान की बरामदगी की मांग की है. हालांकि, तेज प्रताप द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है. अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है.

Exit mobile version