दामाद को 3.5 करोड़ की डिफेंडर, बेटे को BMW, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की होने जा रही ग्रैंड शादी
अनंत सिंह (File Photo)
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां इन दिनों जोरों पर है. जितनी तेजी से तैयारियां हो रही हैं. उतनी ही तेजी से चर्चाएं भी जारी हैं. हर किसी के मन में शादी को लेकर कई सवाल पैदा हो रहे हैं कि कौन-कौन मेहमान होंगे, दहेज में क्या दिया जाएगा और दामाद क्या करते हैं? इन सभी सवालों के जवाब को लेकर लोगों में उत्सुकता हो रही है. यहां जानें सबकुछ.
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार के साथ होने जा रही है. ऋषिकेश बिहार के ही पटना जिले के रहने वाले हैं. वर्तमान में वे अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं. ऋषिकेश के पिता रणविजय सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं. ऋषिकेश, अनंत सिंह की बेटी से शादी को लेकर सुर्खियों में हैं. यहां जानें क्या है शादी की तैयारी?
हमेशा सुर्खियों में रहते हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह कोई काम करें और वह सुर्खियों में न रहे. ऐसा हो ही नहीं सकता है. बेटी की शादी है तो चर्चा तो जरूर होगी. चर्चा हो भी क्यों न? अनंत सिंह चर्चा वाले सभी काम भी किए हैं. जैसे दामाद को देने के लिए 3.5 करोड़ रुपए की लग्जरी डिफेंडर कार खरीदी गई है. इस दौरान अनंत सिंह ने छोटे बेटे को भी एक नई BMW कार खरीदी है. एक साथ दो नई लग्जरी खरीदने के बाद सुर्खियों में हैं.
क्या है शादी की तैयारी?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में करीब 4 लाख लोगों के आने की संभावना है. सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है. कई एकड़ में पंडाल सजाए जा रहे हैं. पंडाल लगाने के लिए भी विशेष कारीगरों को बुलाया गया है. सजावट के लिए फूल विदेश के मंगाए जा रहे हैं. मेहमानों की अगर बात करें, तो सिर्फ भारत से नहीं, बल्कि विदेशों से भी आने की संभावना है.
कई सेलेब्स हो रहे शामिल
अनंत सिंह ने शादी में शामिल होने के लिए कई सेलेब्स और दिग्गजों को निमंत्रण दिया है. सेलेब्स की बात करें, तो एक्टर सोनू सूद, गायक मनोज तिवारी, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर शामिल होंगी, लेकिन इनके अलावा भी कई सेलेब्स को आमंत्रित किया गया है. शादी का निमंत्रण अभी भेजा ही जा रहा है. कई प्रदेश के सीएम को न्यौता देने की तैयारी है. अनंत सिंह ने बताया कि शादी में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया जाएगा.
घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी आयोजित
शादी के आयोजन के बीच ही मनोरंजन का भी काफी ध्यान रखा गया है. अनंत सिंह के मुताबिक, घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी रखी गई है. जिसमें पहला स्थान प्राप्त करने वाले को महिंद्रा थार गिफ्ट में दी जाएगी. वहीं, दूसरे नंबर पर आने वाले को मोटरसाइकिल दी जाएगी और तीसरे नंबर पर रहने वाले को स्कूटर मिलेगा.



