US-Pakistan War India: भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का एक बयान खूब वायरल हो रहा है. मदन राठौड़ ने कहा कि अगर अमेरिका-पाकिस्तान जंग छिड़ जाए, तो भारत पाकिस्तान का साथ देगा. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के साथ देने की वजह भी बताई. मदन राठौड़ के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है.
मदन राठौड़ ने यह बयान गुरुवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिया. जिसमें उन्होंने बताया कि अगर आज अमेरिका-पाकिस्तान जंग छिड़ जाए, तो भारत पाकिस्तान का साथ देगा, क्योंकि पाकिस्तान भारत का पड़ोसी देश है. उन्होंने कहा कि यह बात हम सभी को समझने की जरूरत है. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपस में किसी मुद्दे की बात आती है, तो भारत के साथ खड़ा होना चाहिए.
AAP ने साधा निशाना
मदन राठौड़ के इस बयान को आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘जनता सवाल पूछे तो पाकिस्तानी, युवा आवाज उठाए तो आतंकवादी! लेकिन BJP का नेता पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात करे तो मोदी जी का राष्ट्रवाद कहां चला जाता है? पाकिस्तान के साथ खड़े होने की बात करने वाली BJP देशद्रोही है या नहीं, मोदी जी?’
मदन राठौड़ ने कौन देशभक्त नहीं
मदन राठौड़ ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए. उस समय जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं है. हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है.
ये भी पढ़ेंः CJP के ‘तिरंगा मार्च’ से पहले हाईवोल्टेज ड्रामा, दिल्ली पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया, भड़की कांग्रेस
मदन राठौड़ के बयान को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी इस विचार से सहमत हैं? इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
