Uttarakhand Rekha Arya husband Arrested: उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से पकड़ा है. पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस की गिरफ्त से आरोपी पति फरार चल रहे थे.. उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की पुलिस लगातार अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थी. अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
पति पर क्या आरोप लगाए थे?
रेखा आर्य उत्तराखंड सरकार में महिला एंव बाल विकास मंत्री हैं. उन्होंने राजधानी देहरादून के कैंट थाने में 15 अक्टूबर 2026 को अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें उन्होंने उत्पीड़न, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे. कैबिनेट मंत्री की शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज की थी. जांच शुरू कर दी थी. SIT गठन किया गया था, ताकि मामले की जांच गहनता से हो सके.
अग्रिम जमानत याचिका हुई खारिज
शिकायत दर्ज होने के बाद पप्पू गिरधारी गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी. न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद 4 नवंबर को उत्तराखंड हाई कोर्ट ने भी उनकी FIR को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने वाली याचिका पर रोक लगा दी. इस दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर तलाशी करती रही.
पत्नी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
आरोपी पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी ने अपनी पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. कथित तौर 210 करोड़ की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिकायत करने की बात कही थी और इसके साथ ही केस वापस लेने की अपील की थी.
