मर जाऊंग माफी नहीं मांगूंगा, CM धामी के कार्यक्रम में हंगामा करने वाले कांग्रेस MLA का दोटूक जवाब

Uttarakhand Politics: उत्तराखंड में सीएम धामी के कार्यक्रम में हंगामा करने वाले कांग्रेस विधायक का बयान सामने आया है. जिसमें उन्‍होंने माफी मांगने से साफ इनकार कर द‍िया है.
Uttarakhand Politics

व‍िवाद के दौरान का वीड‍ियो ग्रेब

Uttarakhand Politics: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में हंगामा और मंच पर तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस विधायक हरीश धामी के तेवर अब भी बरकरार हैं. उन्होंने साफ कहा है कि वह खुद को गोली मारना पसंद करेंगे.लेकिन, भाजपा से माफी नहीं मांगेंगे. विधायक ने पूरे विवाद के लिए भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है.

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया. जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो उनका माइक बंद कर दिया गया. इसकी वजह से उन्‍हें गुस्सा आ गया.

क्‍या है पूरा विवाद?

दरअसल, यह पूरा विवाद पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले के उद्घाटन कार्यक्रम से जुड़ा है. शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 दिवसीय मेले का उद्घाटन किया था. उनके संबोधन के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए. इसके बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक और मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी ने मंच से अपनी बात रखने की कोशिश की. उनका आरोप है कि इसी दौरान साउंड सिस्टम बंद कर दिया गया.

इससे नाराज विधायक मंच पर ही भड़क गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह माइक फेंकते और साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों से बहस करते नजर आए. विधायक का कहना है कि वह अपने क्षेत्र की सड़क, विकास कार्यों और स्थानीय लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने उठाना चाहते थे.

विधायक समेत छह लोगों पर केस दर्ज

मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने नारेबाजी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की.

CM धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से विपक्ष हताश और निराश है. इसी वजह से कांग्रेस के नेता अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं. लोकतंत्र में इस तरह के व्यवहार की कोई जगह नहीं है. कुल मिलाकर इस मामले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने सामने आ चुकी है. कांग्रेस अपनी वजह बता रही है तो वहीं बीजेपी इस तरह के व्यवहार पर सवाल उठा रही है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें