Vistaar NEWS

हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही बस हादसे का शिकार, गहरी खाई में गिरने से 8 की मौत

Badrinath highway accident

हादसे के बाद बचाव अभ‍ियान जारी

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया. ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 26 लोग घायल हुए हैं.

बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे. यह बस हरिद्वार से बदरीनाथ की तरफ जा रही थी. मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी थी. बस के इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण कई यात्री घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई.

बचाव दल ने मौके पर पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया. शुरुआती कार्रवाई में करीब 26 घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.

एक और हादसे में 4 लोगों की मौत

उत्तराखंड में हुए दो सड़क हादसों में कुल मिलाकर 12 लोगों की मौत हो चुकी है. दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग के क्यूंजा घाटी के पास हुआ. जहां बारातियों से भरी बोलेरो खाई में जा गिरी, जिसके कारण 4 लोगों की मौत हो गई तो वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज श्रीनगर बेस अस्पताल में किया जा रहा है. 

प्रशासन ने हादसे में 8 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. घटनास्थल पर बचाव अभियान अभी भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि खाई में कोई अन्य व्यक्ति या यात्री फंसा न हो. इस हादसे में बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है. साथ ही साथ मुख्‍य मार्ग से 100 मीटर नीचे होने के कारण बचाव अभियान में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा.

Exit mobile version