Avocado vs Guava: एवोकाडो और अमरूद दोनों ही सेहत के लिए खजाना हैं, लेकिन दोनों की खूबियां अलग हैं. अमरूद विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर एक किफायती देसी सुपरफूड है, वहीं विदेशी फल एवोकाडो अपने हेल्दी फैट्स, पोटैशियम और विटामिन E के लिए जाना जाता है. सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता और हाई कीमत के कारण एवोकाडो अक्सर चर्चा में रहता है, जबकि अमरूद बाजार में बेहद आसानी से और कम दाम में मिल जाता है. यही वजह है कि लोग अक्सर इन दोनों के पोषण की तुलना करते हुए यह जानने को उत्सुक रहते हैं कि स्वास्थ्य के लिहाज से कौन सा फल अधिक फायदेमंद है.
अमरूद में कितना न्यूट्रिशन पाया जाता है?
अगर पोषण की बात करें तो 100 ग्राम अमरूद में केवल 68 कैलोरी होती है, लेकिन यह विटामिन C का पावरहाउस है जो रोज के आवश्यकता को आसानी से पूरा करता है. फाइबर और पोटैशियम के साथ-साथ इसमें लाइकोपीन जैसे महत्वपूर्ण एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो पाचन सुधारने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं.
एवोकाडो में कितना न्यूट्रिशन होता है?
दूसरी तरह 100 ग्राम एवोकाडो में लगभग 160 कैलोरी होती है, जो मुख्य रूप से इसके ‘गुड फैट्स’ से आती है. यह फल हृदय स्वास्थ्य और शरीर की सूजन कम करने के लिए बेहतरीन है, क्योंकि इसमें पोटैशियम, मैग्नीशियम और विटामिन K, E व B-कॉम्प्लेक्स जैसे पोषक तत्वों का भरपूर मेल मिलता है.
वजन घटाने के लिए कौन सा फल फायदेमंद?
- वजन कम करने के लक्ष्य के लिए अमरूद एक बेहतरीन ऑप्शन होता है, क्योंकि इसमें कैलोरी कम और फाइबर की मात्रा अधिक होती है.
- इसके सेवन से पेट काफी देर तक भरा महसूस होता है, जो असमय भूख को रोकने और वजन बढ़ाने वाली ‘ओवरईटिंग’ से बचने में मदद करता है.
- साथ ही इसका प्राकृतिक शुगर लेवल को तेजी से नहीं बढ़ने देता, जिससे यह मधुमेह के रोगियों के लिए भी एक सुरक्षित फल बन जाता है.
- वहीं पोषक तत्वों से भरपूर होने के बावजूद एवोकाडो में अमरूद की तुलना में कैलोरी और वसा (Fat) की मात्रा अधिक होती है.
इम्यूनिटी बढ़ाने-ग्लोइंग स्किन के लिए क्या खाएं?
अमरूद विटामिन C का एक बेहतरीन स्रोत है, जो न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है बल्कि त्वचा में कोलेजन के निर्माण में भी सहायक है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की सूजन को कम करने और बढ़ती उम्र के निशानों को रोकने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं. दूसरी तरफ एवोकाडो विटामिन E से भरपूर होता है, जो फ्री रेडिकल्स से त्वचा की रक्षा करता है. इसके स्वस्थ वसा (हेल्दी फैट्स) त्वचा को गहराई से पोषण देकर उसे कोमल और चमकदार बनाते हैं, साथ ही बालो को भी घने और मजबूत बनाते हैं.
ये भी पढ़ें-Hair Care: सफेद बालों को काला करने के आसान घरेलू उपाय
कौन सा फल सबसे ज्यादा फायदेमंद?
बता दें कि अमरूद और एवोकाडो दोनों सेहत के लिए फायदेमंद हैं. अगर आप वजन घटाना, इम्युनिटी बूस्ट और डाइजेशन में सुधार करना चाहते हैं तो अमरूद आपके लिए बेस्ट ऑप्शन है. वहीं अगर हार्ट को स्वस्थ रखने, ग्लोइंग स्किन पाने और हेल्दी फैट के लिए अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं.
