आज लगेगा साल का पहला सूर्य ग्रहण, शनि अमावस्या पर संयोग, जानें समय-सूतक काल और प्रभाव
फाइल फोटो
Surya Grahan 2025: 29 मार्च 2025 को साल का पहला सूर्य ग्रहण (Surya Grahan 2025) लगने वाला है. शनिवार के दिन शनि अमावस्या पर सूर्य ग्रहण (Solar Eclipse 2025) का संयोग है. यह एक आंशिक सूर्य ग्रहण है. यह ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा. 30 मार्च को चैत्र नवरात्र शुरू होने से पहले लग रहा यह ग्रहण वैज्ञानिक और ज्योतिषीय दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है. जानिए भारतीय समय के मुताबिक यह ग्रहण कितने बजे लगेगा और इसका सूतक काल मान्य होगा या नहीं.
साल 2025 का पहला सूर्य ग्रहण
29 मार्च को शनिश्चरी अमावस्या के दिन साल 2025 का पहला सूर्य ग्रहण लग रहा है. शनिवार को दोपहर 2.21 बजे सूर्य ग्रहण शुरू होगा और शाम 6. 14 बजे समाप्त होगा. इस ग्रहण की कुल अवधि 3 घंटे 53 मिनट की रहेगी.
क्या भारत में दिखेगा सूर्य ग्रहण?
साल का पहला सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा. ऐसे में इस सूर्य ग्रहण का कोई खास प्रभाव भारत में रहने वाले लोगों पर नहीं पड़ेगा.
कहां-कहां दिखेगा सूर्य ग्रहण?
साल का पहला सूर्य ग्रहण दक्षिण अमेरिका, आंशिक उत्तरी अमेरिका, उत्तरी एशिया, उत्तर-पश्चिम अफ्रीका, यूरोप, उत्तरी ध्रुव, आर्कटिक महासागर और अटलांटिक महासागर में नजर आएगा.
क्या भारत में सूतक काल मान्य होगा?
बता दें कि सूर्य ग्रहण के समय से 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है. सूतक काल में कई नियम और सावधानियों का पालन करना होता है. वहीं, जब भारत में सूर्य ग्रहण नजर नहीं आने वाला है तो इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा.
क्या होता है सूर्य ग्रहण?
सूर्य ग्रहण एक खगोलीय घटना है. जब सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आ जाता है और चंद्रमा की छाया पृथ्वी पर पड़ने लगती है, तब सूर्य ग्रहण लगता है. जहां-जहां चंद्रमा की छाया पड़ती है, वहां या तो सूर्य दिखाई नहीं देता या फिर सूर्य का बड़ा हिस्सा काला दिखाई देने लगता है. इसी खगोलीय घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है.
ये भी पढ़ें- नवरात्रि के 9 दिन और 9 भोग
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह के उपाय या धर्म से जुड़ी मान्यताओं पर पूरी तरह विश्वास करने से पहले धार्मिक क्षेत्र के जानकार से एक बार पूरी जानकारी लें.