Vistaar NEWS

MP News: जबलपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 14 लाख की ठगी, पुलिस ने 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया

Police have arrested all four accused of cyber fraud.

पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

MP News: साइबर ठगी के तो मामले आपने कई सुने होंगे. साइबर ठग गिरफ्तार हो जाए ऐसा अमूमन कम ही होता है, लेकिन जबलपुर साइबर सेल पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. चारों आरोपी इंदौर के रहने वाले हैं जिन्हें गिरफ्तार करके पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.

शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर 14 लाख की ठगी

दरअसल साल 2022 में जबलपुर निवासी स्नेहलता अवस्थी की बेटी को एक कॉल आता है. फोन पर बात करने वाला शख्स शेयर मार्केट में पैसा लगाकर लाखों कमाने का लालच देता है. इस लालच में आकर स्नेहलता की बेटी से आरोपी धीरे-धीरे करके करीब 14 लाख रुपये ले लेते हैं. खाते में डाल देती है लेकिन जब मुनाफे की रकम को वापस मांगती है तो साइबर ठग अपना असली रंग दिखा देते हैं. ठगी का एहसास होने के बाद पीड़िता द्वारा साइबर सेल में शिकायत की जाती है. 2022 से लगातार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जिस खाते में आरोपियों ने पैसा डलवाया था, वह खाता इंदौर के रहने वाले सुखलाल अहिरवार के नाम पर है. पुलिस सीधे सुखलाल अहिरवार को गिरफ्तार करती है. जिसके बाद जानकारी मिलती है कि इंदौर के रहने वाले अनिकेत अक्षय और मिथुन नाम के युवकों ने उससे संपर्क किया था और लाखों रुपये उसके खाते में डालने के लिए लालच दिया था.

मास्टर माइंड पुलिस की गिरफ्त से दूर

जानकारी के बाद पुलिस ने अनिकेत मात्रे, दयानंद मांझी, अक्षय मंडलीय और मिथुन जाटव को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ उज्जैन और इंदौर में भी साइबर ठगी के मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक इन चारों के ऊपर एक और मास्टरमाइंड आरोपी है. जिसके कहने पर लोगों को कॉल किया जाता था. फिलहाल मास्टरमाइंड फरार है. जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं: Jabalpur News: जबलपुर में दर्दनाक हादसा, फॉर्च्यूनर कार ड्राइवर ने बाइक सवार को युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत

Exit mobile version