Vistaar NEWS

MP News: मऊगंज में अदवा नदी में डूबने से 2 बच्चों की मौत, दोस्त को बचाने में दूसरा बच्चा भी डूबा

Symbolic picture

सांकेतिक तस्वीर.

Input- लवकेश सिंह

MP News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराही गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे खेल-खेल में दो मासूम बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

खेल बना जानलेवा, गहरे पानी में फंसे बच्चे

जानकारी के अनुसार, 9 वर्षीय आकाश सिंह और 10 वर्षीय दीपक सिंह घर से खेलने निकले थे. खेलते-खेलते दोनों अदवा नदी के पुल पर पहुंच गए और वहां छलांग लगाने का खेल करने लगे. इसी दौरान आकाश ने नदी में छलांग लगाई, लेकिन वह गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा.

अपने दोस्त को डूबते देख दीपक ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी. लेकिन दुर्भाग्यवश, दोनों ही बच्चे गहरे पानी में समा गए और कुछ ही पलों में उनकी मौत हो गई. इस घटना ने दोस्ती की एक ऐसी मिसाल पेश की, जो हर किसी की आंखें नम कर गई.

ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू, मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया. सूचना पर पिपराही चौकी प्रभारी गुलाब वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की.

पोस्टमार्टम के बाद सौंपे गए शव, जांच जारी

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम के के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं: MP में बोर्ड एग्जाम पास करने वाली छात्राओं के लिए खुशखबरी! ‘गांव की बेटी’ योजना के तहत मिलेंगे 5000 और 7500 रुपये

Exit mobile version