MP के मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी, श्योपुर में 17 प्रतिशत शिक्षक, कॉलेजों की मान्यता अटकी
सांकेतिक तस्वीर
MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी चिकित्सा शिक्षा के सामने चुनौती बनी हुई है. प्रदेश के छह नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों में स्वीकृत पदों के मुकाबले औसतन 39 प्रतिशत फैकल्टी ही उपलब्ध है. श्योपुर में केवल 17 प्रतिशत और सिंगरौली में 22 प्रतिशत पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं. ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और व्यावहारिक प्रशिक्षण की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
छह मेडिकल कॉलेजों में बड़ी संख्या में पद खाली
राज्य सरकार ने वर्ष 2013 में मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय मेडिकल कॉलेज संचालित करने का निर्णय लिया था. इसके बाद सतना, सिवनी, नीमच, मंदसौर, सिंगरौली और श्योपुर में कॉलेज खोले गए. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सतना में 139 स्वीकृत पदों में से 49, सिवनी में 117 में से 61, नीमच में 117 में से 75 और मंदसौर में 117 में से 66 पद रिक्त हैं. सिंगरौली में 91 और श्योपुर में 97 पद खाली हैं.
नए कॉलेजों में पाठ्यक्रम शुरू करने की चुनौती
श्योपुर और सिंगरौली मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 100-100 सीटें हैं. फैकल्टी की कमी के बीच विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्लीनिकल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है.
वहीं, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दमोह, छतरपुर और बुधनी में एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी थी. चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग को आवेदन भी किया, लेकिन तीनों कॉलेजों में फैकल्टी की संख्या दस से कम होने के कारण निरीक्षण नहीं हुआ. वर्ष 2027-28 में उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में भी कॉलेज शुरू करने की योजना है.
उपमुख्यमंत्री बोले- भर्ती प्रक्रिया जारी
उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया चल रही है. फैकल्टी को प्रोत्साहित करने सहित अन्य प्रयास भी किए जा रहे हैं. सरकार अगले शैक्षणिक सत्र से छह मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी में है.



