Vistaar NEWS

बड़वानी में खेत पर सोते परिवार पर गिरा एसिड गैलन; मां की मौत, 2 मासूम गंभीर रूप से झुलसे

Both the children have been burnt by 50 percent due to acid.

एसिड से दोनों बच्चे 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं.

Input- सचिन राठौर

Barwani News: बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुरा में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक हादसा हो गया. खेत में सो रहे एक परिवार पर ड्रिप लाइन साफ करने के लिए रखी एसिड की गैलन पलट गया. इस घटना में मां की मौत हो गई, जबकि उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए.

4 साल की बेटी और 6 साल का बेटा बुरी तरह झुलसा

जानकारी के अनुसार सालखेड़ा निवासी विजय चौहान अपनी 28 वर्षीय पत्नी पिंकी और बच्चों के साथ मोहनपुरा स्थित खेत में काम करने गए थे. गुरुवार रात खेत में ड्रिप लाइन साफ करने के लिए एसिड की गैलन लाकर रखा था. रात में जब परिवार सो रहा था, तभी अचानक गैलन पलट गया.

एसिड पिंकी, उनकी 4 वर्षीय बेटी सिवानी और 6 वर्षीय बेटे अथर्व पर गिर गया. एसिड गिरने से चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास सो रहे परिजन दौड़े और तीनों को गंभीर हालत में तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद, तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान पिंकी चौहान की मौत हो गई. मासूम सिवानी और अथर्व को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है.

50 फीसदी तक झुलसे बच्चे

जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों बच्चे 40 से 50 फीसदी तक झुलस गए हैं. उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है और अगले 48 घंटे उनके लिए महत्वपूर्ण बताए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह मामला एक हादसा प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

वहीं खबर से मोहनपुरा गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है.

ये भी पढे़ं: बड़वानी में पिस्टल दिखाकर बियर लूट ली, 222 पेटियां लूटकर ड्राइवर को बंधक बनाया, सूनसान इलाके में छोड़कर फरार

Exit mobile version