Sagar Shaadi Drama Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक की शादी तय हुई, परिवार ने रिश्तेदारों को निमंत्रण भेज दिए, शादी की तैयारियां पूरी कर लीं और समारोह की तारीख भी नजदीक आ गई. लेकिन, जब शादी का दिन आया तो दुल्हन पक्ष की ओर से ऐसा मोड़ आया कि पूरा मामला थाने तक पहुंच गया.
युवक का रिश्ता एक महिला एजेंट के जरिए इंदौर की एक युवती से कराया गया था. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और शादी की तैयारियां शुरू हो गईं. परिवार ने शादी के कार्ड छपवाए, रिश्तेदारों को बुलावा भेजा और आयोजन की व्यवस्था भी कर ली.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी की तैयारियों के नाम पर उनसे अलग-अलग चरणों में रकम ली गई. कभी शादी के खर्च कभी अन्य जरूरतों का हवाला देकर पैसे मांगे गए. परिवार का कहना है कि उन्हें भरोसा दिलाया जाता रहा कि तय तारीख पर शादी हो जाएगी.
शादी के दिन तक बदल गई पूरी स्थिति
जैसे-जैसे शादी का दिन करीब आया, स्थिति बदलने लगी. आरोप है कि युवती और उससे जुड़े लोगों ने संपर्क कम कर दिया. जब परिवार ने शादी को लेकर जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. आखिरकार तय तारीख पर जब शादी नहीं हुई तो दूल्हे पक्ष को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है.
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है. उनका आरोप है कि शादी का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम ऐंठी गई और बाद में रिश्ता तोड़ दिया गया. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है. शादी के सपने संजो रहे परिवार का कहना है कि उन्हें आखिरी समय तक भरोसे में रखा गया और फिर ऐसा खेल खेला गया कि उनकी मेहनत, पैसा और सम्मान तीनों दांव पर लग गए.
