Vistaar NEWS

MP BJP में अजय जामवाल की लगातार बैठकों ने संगठन में बढ़ाई हलचल, कुछ जिलाध्यक्षों पर गिर सकती है गाज

Ajay Jamwal (File Photo)

अजय जामवाल(File Photo)

MP News: मध्य प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की लगातार चल रही बैठकों ने संगठन में हलचल बढ़ा दी है. इन बैठकों के बाद संगठनात्मक स्तर पर कुछ जिलों के अध्यक्षों के कामकाज को लेकर प्रदेश संगठन संतुष्ट नहीं माना जा रहा. ऐसे अध्यक्षों की कार्यप्रणाली को फिलहाल कड़ी निगरानी में रखा गया है. इनमें से कुछ पर गाज भी गिर सकती है.

कई जिलों में नहीं बन सकी कार्यकारिणी

सूत्रों के अनुसार यह निगरानी उन जिलों पर केंद्रित है, जहां जिला कार्यकारिणी का गठन अब तक नहीं हो सका है. पार्टी नेतृत्व इसे संगठनात्मक कमजोरी के रूप में देख रहा है. जिला अध्यक्ष की पहली और सबसे अहम जिम्मेदारी मजबूत कार्यकारिणी का गठन कर पार्टी गतिविधियों को गति देना है, लेकिन कई जिलों में यह प्रक्रिया महीनों से लंबित है. इसमें जो नाम प्रदेश संगठन तक भेजे गए, उनमें से कई नाम पर जिले की कार्यकारिणी नहीं बनी है.

नेताओं से लेकर प्रदेश के नेताओं को आपत्ति है. ऐसे में यह माना जा रहा है कि इन जिलों में समन्वय से नाम नहीं भेजे गए. इससे कुछ जिलों के जिला अध्यक्षों को लेकर संगठन अब सख्त निर्णय ले सकता है. पार्टी सूत्र बताते हैं कि अजय जामवाल के निर्देश पर प्रदेश संगठन ने ऐसे जिलों से विस्तृत फीडबैक और रिपोर्ट मंगवाई है.

कार्यशैली और संगठन पर काम करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

इसके साथ ही संबंधित जिला अध्यक्षों की कार्यशैली, संवाद क्षमता और संगठन को साथ लेकर चलने की क्षमता का भी आकलन किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि कुछ जिलों के अध्यक्षों को हटाए जाने की चचाएं भी तेज हो गई हैं. गौरतलब है कि भाजपा ने पिछले वर्ष जनवरी में सभी जिलों के अध्यक्षों की घोषणा कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद करीब एक दर्जन जिलों में जिला कार्यकारिणी आज तक गठित नहीं हो सकी है. इस देरी को लेकर प्रदेश संगठन पहले भी नाराजगी जता चुका है.

इन जिलों में नहीं बनी कार्यकारिणी

भाजपा पिछले 6 महीने से जिला कार्यकारिणी बनाने का काम कर रही है. अब तब 47 जिलों की कार्यकारिणी घोषित हो चुकी है, जबकि बाकी के जिलों में कार्यकारिणी में एक राय नहीं होने के कारण अटकी हुई हैं. विदिशा, भोपाल शहर, सागर शहर, ग्वालियर, भिंड, छतरपुर, पन्ना, सतना, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, गुना, निवाड़ी जिलों की कार्यकारिणी नहीं घोषित हुई हैं. इनमें से अधिकांश जिलों में भाजपा के स्थानीय कई गुट हैं, जिनमें समन्वय नहीं हो पा रहा है, इसके चलते यहां पर देरी हो रही है. संगठन अब जिला कार्यकारिणी को लेकर ज्यादा इंतजार नहीं करना चाहता है.

ये भी पढ़ें: MP News: जबलपुर में करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने कश्मीर से दबोचा, शेयर मार्केट के नाम पर महिला से ढाई करोड़ ऐंठे थे

Exit mobile version