Vistaar NEWS

MP News: एमपी के 13 नगर निगमों में नियुक्त हुए 108 एल्‍डरमैन, बैठकों में उठाएंगे जनहित के मुद्दे

Aldermen in MP Municipal Corporations

एमपी नगर निगम में एल्‍डरमैन

MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने भोपाल सहित प्रदेश के 13 नगर निगमों में कुल 108 एल्डरमैन (नाम निर्दिष्ट पार्षद) की नियुक्ति कर दी है. इनकी जिम्मेदारी नगर निगम की बैठकों में शामिल होकर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने और विभिन्न विषयों पर चर्चा में भाग लेने की होगी. हालांकि, उन्हें किसी प्रकार का बजट या वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए हैं. भोपाल में नियुक्त किए गए एल्डरमैन में मंत्री, सांसद और विधायकों के समर्थकों को भी जगह मिली है.

एल्डरमैन की भूमिका क्या होगी

विशेषज्ञों के अनुसार एल्डरमैन परिषद की बैठकों में सवाल पूछ सकते हैं और विभिन्न प्रस्तावों पर अपनी राय रख सकते हैं, लेकिन उन्हें किसी विकास कार्य के लिए अलग से धनराशि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी. भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी का कहना है कि एल्डरमैन के लिए बजट का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन वे जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने और सवाल उठाने के लिए पूरी तरह अधिकृत हैं.

भोपाल परिषद में बढ़ेगी भाजपा की संख्या

भोपाल नगर निगम में कुल 85 वार्ड हैं. मौजूदा परिषद में भाजपा के 62, कांग्रेस के 22 और एक निर्दलीय पार्षद हैं. अब 12 एल्डरमैन भी जुड़ने से परिषद में भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या बढ़कर 74 हो जाएगी. हालांकि, वर्तमान परिषद का कार्यकाल लगभग 13 महीने ही शेष है. अगले वर्ष अगस्त में नगर निगम चुनाव प्रस्तावित हैं और उससे पहले आचार संहिता लागू होने की संभावना है. ऐसे में एल्डरमैन के पास सक्रिय रूप से काम करने के लिए करीब 9 महीने का समय ही रहेगा.

बजट और वित्तीय अधिकारों की स्थिति

नगर निगम में वित्तीय अधिकारों की बात करें तो पार्षदों से लेकर महापौर तक के लिए अलग-अलग बजट निर्धारित है. प्रत्येक पार्षद को सालाना 50 लाख रुपये, एमआईसी सदस्य को 1 करोड़ रुपये, जोन अध्यक्ष को 10 लाख रुपये, निगम अध्यक्ष को 5 करोड़ रुपये और महापौर को 10 करोड़ रुपये तक खर्च करने का अधिकार प्राप्त है. इसके विपरीत एल्डरमैन को कोई वित्तीय अधिकार या बजट आवंटित नहीं किया गया है.

इन नगर निगमों में हुई नियुक्तियां

सरकार ने भोपाल के अलावा उज्जैन, मुरैना, सागर, रीवा, सतना, सिंगरौली, कटनी, छिंदवाड़ा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास और रतलाम नगर निगमों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए हैं. भोपाल में 12 और अन्य प्रत्येक नगर निगम में 8-8 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं. वहीं, इंदौर नगर निगम में एल्डरमैन की नियुक्ति फिलहाल लंबित रखी गई है.

ये भी पढे़ं- Indore: आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री के 9 ठिकानों पर छापा

Exit mobile version