Vistaar NEWS

CM हेल्पलाइन पर शिकायत करना पड़ गया भारी, राजगढ़ में डंडों से पिटाई के बाद मोबाइल छीना; थाने में शिकायत ना होने पर जहर पिया

The young man was taken to the hospital after consuming pesticide.

कीटनाशक पीने के बाद युवक को अस्पताल लेकर जाया गया.

MP News: राजगढ़ में एक युवक को सीएम हेल्पलाइन पर सड़क निर्माण ना होने की शिकायत महंगा पड़ गया. मोयली खुर्द गांव के युवक का आरोप है कि सरपंच समेत 3 लोगों ने डंडों से पिटाई की और विरोध करने पर मोबाइल छीन लिया. वहीं थाने पहुंचने पर शिकायत नहीं सुनी गई तो युवक ने जहर पी लिया. हालांकि वक्त रहते युवक को अस्पताल पहुंचा दिया गया जिससे उसकी जान बच गई. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज कर ली है.

‘मैं चाहें कुछ भी करूं, मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता है’

पूरा मामला कुरावर थाने के ग्राम मोयली खुर्द का है. यहां के रहने वाले एक युवक हरिनारायण का कहना है कि क्षेत्र में सड़क नहीं बनी थी. जिसको लेकर उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी. जिसको लेकर सरपंच रामनारायण नाराज चल रहा था.

हरिनारायण ने बताया कि 7 जून 2026 को अपने छोटे भाई रामनिवास मीणा केसाथ अपने बेटे का नाम राशनकार्ड में जुड़वाने के लिए ग्राम पंचायत सचिव चैनसिंह चौधरी के पास गया था. इस दौरान सरपंच रामनारायण भी वहां अपने साथियों के साथ बैठा था. आरोप है कि सरपंच दोनों भाईयों से उलझ गया. सरपंच ने हरिनारायण से पूछा कि तुमने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत क्यों की. जब हरिनारायण ने कहा कि सड़क नहीं बनेगी काम नहीं होगा तो शिकायत करेंगे. हर रोज आनेजाने में दिक्कत होती है. इसके बाद सरपंच ने कहा कि हम चाहें कुछ भी करें. कोई कुछ नहीं कर सकता है, तो तुमने शिकायत क्यों की. इसके बाद आरोपी सरपंच और उसके तीन साथियों ने मारपीट शुरू कर दी और मोबाइल भी छीन लिया.

पुलिस ने क्रॉस FIR की

वहीं मारपीट के बाद हरिनारायण ने डायल 112 पर कॉल करके शिकायत की और फिर थाने में जाकर शिकायत की. लेकिन आरोप है कि थाने में शिकायत नहीं सुनी गई, इसके बाद पीड़ित ने कीटनाशक पीकर सुसाइड की कोशिश की. हालांकि सही समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया और अभी वह खतरे से बाहर है.

वहीं सरपंच की तरफ से भी थाने में तहरीर दी गई है कि हरिनारायण जबरदस्ती अपने बेटे का नाम दर्ज करवाना चाहते थे. जब विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए. फिलहाल पुलिस ने दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं: MP पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर होंगे प्रमोशन, 48 घंटे में 20 हजार पुलिसकर्मी होंगे प्रमोट, गृह विभाग को लिखी चिट्ठी

Exit mobile version